Photo: Twitter
Photo: Twitter

    Loading

    चंडीगढ़/ नई दिल्ली: पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले (Sidhu Moose Wala Murder Case) में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में मूसेवाला मर्डर केस के फरार आरोपी दीपक उर्फ मुंडी समेत उनसके दो साथी कपिल पंडित और राजिंदर को भी गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने यह जानकारी दी। 

    डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि, दीपक मुंडी, कपिल पंडित और राजिंदर को एजीटीएफ टीम ने पश्चिम बंगाल-नेपाल सीमा पर एक खुफिया ऑपरेशन में गिरफ्तार किया गया। दीपक बोलेरो मॉड्यूल में शूटर था। वहीं, कपिल पंडित और राजिंदर ने हथियार और ठिकाने सहित रसद सहायता प्रदान की।

    दीपक मुंडी था बोलेरो मॉड्यूल का हिस्सा 

    उल्लेखनीय है कि, मूसे वाला हत्याकांड में बोलेरो और कोरोला मॉड्यूल का इस्तेमाल किया गया था। दीपक मुंडी बोलेरो मॉड्यूल का हिस्सा था। जिसका नेतृत्व हरियाणा का शार्प शूटर प्रियव्रत फौजी कर रहा था, वहीं, उनके साथ अंकित सिरसा और कशिश भी थे। मूसे वाला की हत्या करने के बाद यह चारों गुजरात भाग गए। फरार दीपक मुंडी 8 जुलाई के आसपास तरनतारन में सबसे अलग हो गया। पता हो कि, मूसेवाला हत्याकांड में तीन शूटरों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो मुठभेड़ में मारे जा चुके है।  

    इस मामले में शामिल शार्प शूटर दीपक मुंडी आधुनिक हथियार के साथ फरार हुआ था। पुलिस को खुफिया सूत्रों से यह खबर मिली थी। पंजाब पुलिस ने हरियाणा और राजस्थान में भी मुंडी की तलाश की। पुलिस की पांच विशेष टीमें दीपक मुंडी की तलाश कर रही थीं। फरार छठे शार्प शूटर को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन मुंडी’ तैयार किया था। वहीं, दीपक मुंडी की तलाश में पुलिस टीमों ने अमृतसर और तरनतारन के कई गांवों में छापेमारी की थी। जहां, अब पुलिस को सफलता मिल गई है।