गुरुग्राम: हरियाणा में गुरुग्राम से सटे नूंह जिले में सोमवार को एक धार्मिक जुलूस के दौरान पथराव किया गया और कई वाहनों में आग लगा दी गई। वहीं, भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। तनाव की स्थिति को देखते हुए इलाके में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अन्य क्षेत्रों से भी पुलिस बल बुलाया गया है।
नूह में धारा 144
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद नूंह में इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। नूह में धारा 144 लगाई गई है। एक हज़ार से ज़्यादा पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। स्पीकर के ज़रिए लगातार लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी जा रही है।
हरियाणा के नूंह जिले में दो समूहों के बीच झड़प के बाद मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं। pic.twitter.com/KG0ZsdOzmT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 31, 2023
पुलिस के अनुसार, बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा को नूंह में खेड़ला मोड़ के पास युवकों के एक समूह ने रोका और पथराव करने लगे। एक अधिकारी ने बताया कि जुलूस में शामिल ‘एक या दो कारों’ में आग भी लगा दी गई। खबरों के मुताबिक, जुलूस में शामिल लोगों ने उन्हें रोकने वाले युवकों पर पथराव किया। जलाभिषेक यात्रा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने गुरुग्राम के सिविल लाइंस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। जुलूस के साथ पुलिस की एक टुकड़ी भी तैनात गई थी। पुलिस ने बताया कि इस झड़प में कुछ लोग घायल हुए हैं, लेकिन निर्धारित संख्या अभी नहीं बताई है।
इलाके में हालात स्थिर: थाना प्रभारी हुकम सिंह
कुछ दावों के मुताबिक, झड़प की वजह बल्लभगढ़ में बजरंग दल के एक कार्यकर्ता द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया एक कथित आपत्तिजनक वीडियो था। नूंह के थाना प्रभारी हुकम सिंह ने कहा, ‘‘इलाके में हालात स्थिर हैं।”
शरारती तत्वों ने किया पथराव
मिली जानकारी के अनुसार, हर साल की तरह इस साल भी बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा निकाली गई है। इस यात्रा में गुरुग्राम से सैकड़ों गाड़ियों में सवार विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भगवान शिव का जलाभिषेक करने नल हड शिव मंदिर मेवात में गए हुए थे। खबरों के मुताबिक, इस दौरानहिंदू संगठनों विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के लोगों पर मेवात में पत्थरबाजी की गई। लेकिन जब यह मंदिर पहुंची तो वहां पर दो गुटों क्व बीच हंगामा हुआ। बताया जा रहा है की कुछ शरारती तत्व के लोग यात्रा में शामिल हुए थे और उन्होंने पथराव शुरू किया। (भाषा इनपुट के साथ)