Shivaji Krishnamurthy and Khushbu Sundar

Loading

चेन्नई. तमिलनाडु (Tamil Nadu) के राज्यपाल आरएन रवि (Governor RN Ravi) और एनसीडब्ल्यू (राष्ट्रीय महिला आयोग) सदस्य खुशबू सुंदर (Khushbu Sunder) के खिलाफ विवादित बयान के लिए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) प्रवक्ता शिवाजी कृष्णमूर्ति (Sivaji Krishnamurthy) को रविवार को चेन्नई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही DMK ने उन्हें हमेशा के लिए पार्टी से निकाल दिया है।

भाजपा के खेल और कौशल विकास प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमर प्रसाद रेड्डी ने शिवाजी कृष्णमूर्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद कोडुंगयूर पुलिस ने कृष्णमूर्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

क्या है मामला?

दरअसल, शिवाजी कृष्णमूर्ति ने एक सभा में खुशबू सुंदर को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। कृष्णमूर्ति ने खुशबू सुंदर को पुराना बर्तन बता दिया था। इससे पहले उन्होंने तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी। जिसके बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।

खुशबू सुंदर ने कृष्णमूर्ति को लगाई फटकार

भाजपा नेता और अभिनेता खुशबू सुंदर ने रविवार को शिवाजी कृष्णमूर्ति की कथित टिप्पणियों के लिए फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग इस मामले को खुद उठाएगा। मीडिया को संबोधित करते हुए सुंदर भावुक हो गई। उन्होंने कहा कि वह पहले ही इस मामले को तमिलनाडु राज्य महिला आयोग के समक्ष उठा चुकी हैं।

सुंदर ने अपने ट्विटर पेज पर कृष्णमूर्ति का एक वीडियो भी अपलोड का लिखा, “इस आदतन अपराधी की भद्दी टिप्पणियां डीएमके में प्रचलित राजनीतिक संस्कृति को दर्शाती हैं। पार्टी में उनके जैसे कई लोग हैं। महिलाओं को गाली देना, उनके बारे में भद्दी घटिया टिप्पणियां करने वालों को पार्टी में अधिक अवसर मिलते हैं।”

DMK गुंडों की शरणस्थली

खुशबू सुंदर ने सीएम स्टालिन को टैग करते हुए सवाल किया कि क्या आप अपने परिवार की महिलाओं के बारे में ऐसे बयानों को स्वीकार करेंगे? सुंदर ने कहा, “आपके कार्यकर्ता पथराव करेंगे और उत्पात मचाएंगे। आपको इस बात का एहसास नहीं है कि वह न केवल मेरा, बल्कि आपका और आपके पिता जैसे महान नेता का अपमान करते हैं। जितना अधिक स्थान आप उन्हें प्रदान करेंगे, उतना अधिक राजनीतिक स्थान आप खो देंगे। आपकी पार्टी गुंडों की शरणस्थली बनती जा रही है। यह बहुत शर्म की बात है।”

कृष्णमूर्ति ने तमिलनाडु के राज्यपाल पर भी दिया था विवादित बयान

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने राज्यपाल आरएन रवि के बारे में कृष्णमूर्ति के विवादास्पद भाषण का वीडियो उपलोड कर कहा, “तमिलनाडु के माननीय राज्यपाल और भाजपा नेता खुशबू सुंदर पर की गई टिप्पणी अत्यधिक निंदनीय है। हम इस दोहराने वाले  अपराधी पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हैं।”

डीएमके ने कृष्णमूर्ति को किया निलंबित

डीएमके ने राज्यपाल रवि के बारे में अपने विवादास्पद बयानों के बाद कृष्णमूर्ति को निलंबित कर दिया था, लेकिन उनके माफी मांगने के बाद निलंबन रद्द कर दिया गया था। लेकिन खुशबू सुंदर के खिलाफ की गई टिप्पणी के चलते कृष्णमूर्ति को आज हमेशा के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया। डीएमके महासचिव दुरईमुरुगन ने कहा, “शिवाजी कृष्णमूर्ति को पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने और इसे बदनाम करने के लिए प्राथमिक सदस्यता सहित पार्टी के सभी पदों से बर्खास्त किया जा रहा है।”