Nand Gopal Gupta Nandi

    Loading

    लखनऊ: यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित किए जा रहे मेडिकल डिवाइस एवं टॉय इंडस्ट्री के विकास के लिए नई दिल्ली के होटल ललित में आयोजित रोड शो कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी (Minister Nand Gopal Gupta Nandi) शामिल हुए। कार्यक्रम में देश की विभिन्न औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिन्होंने यमुना अथॉरिटी (Yamuna Authority) द्वारा डेवलप किए जा रहे मेडिकल डिवाइस (Medical Device) और टॉय पार्क (Toy Park) में अपनी इकाई स्थापित करने पर सहमति जताई है। 

    औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश लगातार औद्योगिक विकास के नए आयाम को छू रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार 25 करोड़ प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। 

    जल्द ही नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी लागू होने जा रही 

    मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल मंत्र रिफार्म, ट्रांसफार्म पर उत्तर प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। इंडस्ट्री को क्या-क्या सुविधाएं दे सकते हैं, क्या-क्या सरलीकरण किया जा सकता है इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तम प्रदेश बनने के बाद उत्तर प्रदेश अब सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यस्था को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लिए सभी विभाग एकजुट होकर काम कर रहे हैं। जल्द ही नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी लागू होने जा रही है, जो पूरे विश्व को निवेश के लिए आकर्षित करेगी।

    औद्योगिक इकाईयों को भूखंड आवंटित किए गए 

    मंत्री नन्दी ने कहा कि ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-3 में 80,224 करोड़ रुपए का निवेशकों के बढ़ते भरोसे का परिणाम है। इसी भरोसे और विश्वास को और मजबूती प्रदान करते हुए आगामी 10, 11, 12 फरवरी को लखनऊ में ग्लोबल इनवेस्टर समिट का आयोजन किया जा रहा है। जिसके जरिए उत्तर प्रदेश में दस लाख करोड़ रुपए के निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रदेश का परिदृश्य बदला है। निवेशकों के हित का संरक्षण और उनकी सहुलियत हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आज उत्तर प्रदेश फूड पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क डिजिटल पार्क के हब के रूप में विकसित हो रहा है। प्रदेश में मेडिकल डिवाइस पार्क के विकास और प्रोत्साहन की श्रृंखला में आयोजित यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित किए जा रहे मेडिकल डिवाइस पार्क के प्रथम चरण में 37 मेडिकल डिवाइस बनाने वाली औद्योगिक इकाईयों को भूखंड आवंटित किए गए हैं। 

     6000 व्यक्तियों के लिए रोजगार सृजन होगा

    मंत्री नन्दी ने कहा कि मेडिकल डिवाइस पार्क में स्थापित होने वाली इकाईयों को पूंजीगत ब्याज सब्सिडी, एसजीएसटी प्रतिपूर्ति, ईपीएफ प्रतिपूर्ति, शून्य अपशिष्ट प्रोत्साहन, कौशल विकास, पेटेंट फाइलिंग शुल्क, गुणवत्ता प्रमाणन, स्टाम्प ड्यूटी में छूट की सुविधा दी जाएगी। मंत्री नन्दी ने कहा कि यीडा द्वारा सेक्टर 33 में टॉय पार्क विकसित किया जा रहा है, जहां निवेश के लिए औद्योगिक इकाईयों का स्वागत है। मंत्री नन्दी ने कहा कि पूरे विश्व में खिलौना उत्पादन का मार्केट सात लाख करोड़ रुपए का है। जिसमें भारत की हिस्सेदारी अन्य देशों की अपेक्षा कम है। वर्ष 2014 में खिलौना उद्योग में भारत की भागीदारी 774 करोड़ थी, जो कि वर्ष 2022-23 में 3.3 गुना बढ़ कर 2587 करोड़ पहुंच चुकी है। आने वाले समय में भारत विश्व के खिलौना उत्पादन में एक अग्रणी भूमिका निभा सके, इसके लिए यह रोड शो खिलौना उत्पादन बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। मंत्री नन्दी ने कहा कि यीडा द्वारा विकसित किए जा रहे टॉय पार्क में 136 भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है। 52.33 एकड़ भूमि आवंटित की गई हैं, जिसमें 400.84 करोड़ का निवेश व 6000 व्यक्तियों के लिए रोजगार सृजन होगा। इस अवसर पर राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, भारत सरकार के ज्वाइंट सेक्रेटरी एन. युवराज सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार जीएन सिंह, प्रदेश सरकार की अपर मुख्य सचिव अनीता सिंह, यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधिगण और प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।