LAKHIMPUR
Pic: ANI

    Loading

    नई दिल्ली. लखीमपुर खीरी हत्या (Lakhimpur Khiri Murder Case) मामले में अब तक 6 लोगों के खिलाफ केस हुआ है। दरअसल इन आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने फिलहाल 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है। बता दें कि, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निघासन में बीते बुधवार शाम एक खेत में दो सगी बहनों के शव पेड़ पर फंदे से लटकते पाए गए थे। 

    बताया जा रहा है कि, ये दोनों लड़कियां दलित समुदाय की थीं। इस मामले में मुख्य आरोपी छोटू समेत 6 लोगों को गिरफ्तार में लिया गया है। ये सभी एक-दुसरे  के दोस्त हैं। इन पर पॉक्सो एक्ट के तहत रेप और हत्या की धाराएं लगाई गई हैं। वहीं एक आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। इस एनकाउंटर के दौरान उसके पैर में गोली लगी है। वहीं आरोपियों की पहचान छोटू, सुहैल, जुनैद, हाफिज और हफीजुल के तौर पर हुई है।

    मामले पर SP संजीव सुमन ने बताया कि, मामला महिलाओं के खिलाफ और समाज के एक कमजोर वर्ग के खिलाफ है। हमने गति और संवेदनशीलता के साथ काम किया। आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 302, 376 और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

    उन्होंने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि, मामलें में एक ज्ञात और तीन अज्ञात लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस ने गंभीरता से विवेचना शुरू की। तीनों अज्ञात लोग(जुनैद, सुहैल और हाफिजुर रहमान) आरोपी छोटू जो मृतका का पड़ोसी है, उसके परिचित हैं।

    उन्होंने यह भी कहा कि, लड़कियों के साथ रेप के बाद उनकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पूरे मामले में नामजद अभियुक्त समेत 6 को गिरफ्तार किया गया है। जब लड़कियों ने आरोपियों पर शादी का दवाब बनाया तो उनकी हत्या की गई। SP सुमन के अनुसार नामजद आरोपी छोटू ने अन्य आरोपियों से लड़कियों की मुलाकात कराई थी। बाकी चीजें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ही साफ हो पाएंगी।

    उधर घटना पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, लखीमपुर की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस दुख की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। अपराध करने वाला एक भी अपराधी बच नहीं पाएगा। उनके खिलाफ ऐसी कठोरतम कार्रवाई की जाएगी जो एक मिसाल बनेगी।” साथ ही उन्होंने कहा कि, मैं विपक्ष के नेताओं से अनुरोध करूंगा कि ऐसे समय में राजनीति करने की जगह पीड़ित परिवार को सांत्वना देने का काम करे।”