PIC: Twitter
PIC: Twitter

    Loading

    नोएडा (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश की गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने यहां एक आवासीय सोसाइटी में एक महिला से अभद्रता करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी पर सोमवार को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। पुलिस ने बताया कि जनपद के सेक्टर 93-बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में रहने वाला त्यागी घटना के बाद से ही फरार है जिसके बाद फेस-2 थाने ने उसकी गिरफ्तारी पर यह इनाम घोषित किया है।

    विपक्षी दल जहां त्यागी के भाजपा का सदस्य होने का दावा कर रहे हैं वहीं सत्ताधारी पार्टी की स्थानीय इकाई ने इस बात से इनकार किया है कि वह पार्टी का सदस्य है। त्यागी का सोसाइटी में रहने वाली एक महिला से झगड़ा हो गया था जिसके बाद शुक्रवार को उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (किसी महिला पर हमला करना या आपराधिक बल का प्रयोग करना) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

    अधिकारियों के मुताबिक, बाद में उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 447 (अनाधिकार प्रवेश), 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 504 (शांति भंग के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 506 (धमकी देना) के तहत आरोप लगाए गए। पुलिस आयुक्त के कार्यालय ने बताया कि त्यागी के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

    त्यागी रविवार रात से ही फरार है और उसके खिलाफ अपनी कार पर उत्तर प्रदेश सरकार के चिन्ह का दुरुपयोग करने के आरोप में मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। वहीं नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर 93-बी स्थित त्यागी के फ्लैट के सामने किए गए अवैध निर्माण को ढहा दिया। (एजेंसी)