लखनऊ : महर्षि वाल्मीकि जयंती (Maharishi Valmiki Jayanti) के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राजधानी स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री यहां आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जन्मोत्सव समिति के सभी पदाधिकारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार वाल्मीकि समाज के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज के लिए एक आयोग भी बनाया गया है, जिसका चेयरमैन समाज से ही है। समाज के लोगों और सफाई कर्मियों (Sweepers) के उत्थान के लिए जो कुछ भी अच्छा होना चाहिए, उसकी रिपोर्ट आयोग हमें देगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से वाल्मीकि समाज के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं और आगे भी किये जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शरद पूर्णिमा भी है और मान्यता है कि चंद्रमा आज सबसे अधिक चमकीला होता है और धरती के सबसे नजदीक होता है। इस धराधाम पर चांद जैसी शीतलता प्रदान करके रामायण की रचना करने वाले त्रिकालदर्शी महर्षि वाल्मीकि की आज जयंती है। महर्षि वाल्मीकि ने भगवान राम का साक्षात्कार हम सबसे करवाया। उन्होंने भगवान राम पर पहला महाकाव्य ‘रामायण’ रचा था, इसके बाद दुनिया भर में इसी ग्रन्थ को आधार बनाकर भगवान राम के चरित्र को रचा गया।
आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की पावन जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन और प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई!
आपके द्वारा रचित पवित्र 'रामायण' अखिल विश्व के कल्याण के लिए अमूल्य निधि और पाथेय है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 9, 2022
आदिकवि, महर्षि वाल्मीकि जी की पावन जयंती के अवसर पर आज जनपद लखनऊ स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
भगवान वाल्मीकि जी ने प्रभु श्री राम के साथ हम सभी का साक्षात्कार करवाया है।
त्रिकालदर्शी ऋषि को नमन! pic.twitter.com/LzDRk82fTO
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 9, 2022
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि आज हम सब महर्षि वाल्मीकि का पावन जन्मोत्सव मना रहे हैं। प्रसन्नता है कि अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर युद्धस्तर पर बन रहा है। इसके साथ ही महर्षि वाल्मीकि के पावन धाम और उनकी तपोस्थली चित्रकूट के लालापुर और यहीं पर संत तुलसीदास की जन्मभूमि राजापुर जैसी पावन स्थली का हमारी सरकार ने सौंदर्यीकरण करके पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने कार्य किया है। आज लालापुर में पहाड़ी पर आसानी से जाने के किये रोपवे की भी व्यवस्था की गई है।