हिंदुजा ग्रुप यूपी में लगाएगा 1000 करोड़ का इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट, 6 हजार से ज्यादा लोगों को मिलेगा रोजगार

    Loading

    लखनऊ : सुदृढ़ और मजबूत कानून व्यवस्था, बेहतर औद्योगिक नीति और निवेश का बेहतर माहौल निवेशकों को उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में निवेश के लिए आकर्षित कर रहा है। अब निवेशक स्वयं उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं और निवेश का प्रस्ताव रख रहे हैं। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 (UP Global Investor Summit 2023) की तैयारियों के बीच देश के प्रमुख औद्योगिक घरानों में एक हिंदुजा ग्रुप (Hinduja Group) ने उत्तर प्रदेश में करीब 1000 करोड़ का इलेक्ट्रानिक व्हीकल प्लांट (Electronic Vehicle Plant) स्थापित करने का निर्णय लिया है। जिसके लिए गुरूवार को हिंदुजा ग्रुप, अशोक ले लैंड और इंडस इंड बैंक के अधिकारियों ने औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी (Minister Nand Gopal Gupta Nandi) से मुलाकात कर इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। प्लांट के लिए भूमि उपलब्ध कराने के साथ ही अन्य सेवाओं के लिए सहयोग मांगा। जिसके लिए मंत्री नन्दी ने हर सम्भव सहयोग का भरोसा जताया।

    हिंदुजा ग्रुप के सीनियर एडवाइजर सुनील कुमार चड्ढा के नेतृत्व में टीम ने औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी से मुलाकात की। उन्होंने औद्योगिक विकास मंत्री को बताया कि नए भारत के नए उत्तर प्रदेश और असीम संभावनाओं के उत्तर प्रदेश में हिंदुजा ग्रुप इलेक्ट्रिक व्हीकल निर्माण के लिए प्लांट स्थापित करना चाहता है। जहां इलेक्ट्रिक बस और लाइट कमर्शियल व्हीकल का निर्माण किया जाएगा। जिसके लिए कंपनी शुरूआत में 1000 करोड़ का निवेश करेगी। प्लांट शुरू होते ही अन्य कई सहायक कम्पनियां भी उत्तर प्रदेश में निवेश करेंगी। जिसके आधार पर निवेश का यह आंकड़ा 10 हजार करोड़ तक पहुंचने की सम्भावना है। हिंदुजा ग्रुप के सीनियर एडवाइजर सुनील कुमार चड्ढा ने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल के निर्माण से एक तरफ जहां ईंधन की बचत होगी, वहीं दूसरी तरफ कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट स्थापित होने से 6000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।

    इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट स्थापित करने के लिए हर संभव मदद की जाएगी

    प्लांट स्थापित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराए जाने की मांग की। जिस पर औद्योगिक विकास मंत्री नन्दी ने अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास अरविंद कुमार से वार्ता कर उन्हें भूमि उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया। कहा गया कि इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट स्थापित करने के लिए हर संभव मदद की जाएगी। इस अवसर पर हिंदुजा ग्रुप की सहायक कंपनी अशोक ले लैंड के सीओओ मनी, इंडस इंड बैंक के जोनल हैड गवर्नमेंट बैंकिंग नरेश अरोड़ा, अमित साहनी, आलोक बलोदी, तरूण गौड़ आदि मौजूद रहे।