SP released another list for Lok Sabha elections, Uttar Pradesh
सपा प्रमुख अखिलेश यादव File Pic

Loading

लखनऊ: इंडिया गंठबंधन में अनबन के बीच समाजवादी पार्टी ने सोमवार (19 फरवरी) को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी एक और लिस्ट जारी कर दी है। समाजवादी पार्टी ने अपनी दूसरी लिस्ट में 11 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए हैं। सपा ने मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी को गाजीपुर सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा की पोती श्रेया वर्मा को गोंडा सीट से उम्मीदवार बनाया है। अखिलेश यादव की पार्टी ने अब तक 27 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की हैं।  

सपा उम्मीदवारों की सूची में शामिल अन्य उम्मीदवारों में हरेंद्र मलिक (मुजफ्फरनगर), नीरज मौर्य (आंवला), राजेश कश्यप (शाहजहांपुर-सुरक्षित), ऊषा वर्मा (हरदोई- सुरक्षित), आर के चौधरी (मोहनलालगंज- सुरक्षित), एसपी सिंह पटेल (प्रतापगढ़), रमेश गौतम (बहराइच -सुरक्षित), श्रेया वर्मा (गोंडा), वीरेंद्र सिंह (चंदौली) और रामपाल राजवंशी (मिश्रिख – सुरक्षित) हैं। इन 11 उम्मीदवारों में से चार पिछड़े समुदाय से हैं। इसके अलावा पांच अनुसूचित जाति से हैं, वीरेंद्र सिंह क्षत्रिय हैं जबकि अफजाल अंसारी मुस्लिम हैं। सपा ने इससे पहले 30 जनवरी को उत्तर प्रदेश की 16 लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवार घोषित किये थे।

लोक सभा चुनाव 2024 के लिए सपा के उम्मीदवार 

  • हरेंद्र मलिक (मुजफ्फरनगर )  
  • नीरज मौर्य (आंवला)
  • राजेश कश्यप (शाहजहांपुर) 
  • उषा वर्मा (हरदोई) 
  • रामपाल राजवंशी  (मिश्रिख)
  • आरके चौधरी (मोहनलालगंज)
  • डॉ. एसपी सिंह पटेल (प्रतापगढ़)
  • रमेश गौतम (बहराइच)
  • श्रेया वर्मा (गोंडा)
  • अफजाल अंसारी (गाज़ीपुर)
  •  वीरेन्द्र सिंह (चंदौली)

इस बीच, सपा ने सोमवार को ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ के अपने सहयोगी कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में 80 में से 17 लोकसभा सीट देने की पेशकश की है। सपा का कहना है कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव रायबरेली में राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा में तभी शामिल होंगे जब कांग्रेस द्वारा 17 सीट के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया जाएगा। 

सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया, “हमने कांग्रेस को 17 लोकसभा सीट की अंतिम पेशकश कर दी है। मंगलवार को रायबरेली में न्याय यात्रा में अखिलेश यादव की भागीदारी उसकी स्वीकृति पर निर्भर करेगी।” हालाँकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि सपा ने कांग्रेस को कौन-कौन सी सीट देने का प्रस्ताव दिया है। समाजवादी पार्टी ने इससे पहले कांग्रेस को 11 सीट की पेशकश की थी, जबकि कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने अधिक सीट देने की मांग की थी।