keshav prasad maurya

Loading

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) ने ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ (World Earth Day) पर 22 अप्रैल को सेल्फी विद अमृत सरोवर (Selfie with Amrit Sarovar) कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाने के निर्देश ग्राम्य विकास विभाग के संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि 10 हजार से अधिक ग्रामीण क्षेत्र के अमृत सरोवरों पर सेल्फी से पहले पृथ्वी दिवस जलवायु परिवर्तन व पर्यावरण पर परिचर्चा और संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाए।   केशव प्रसाद मौर्य ने सेल्फी विद अमृत सरोवर कार्यक्रम को सफल बनाए जाने के उद्देश्य ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अद्भुत संयोग है कि अक्षय तृतीया पर ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ भी है। यह समय अपनी धरती माता से जुड़ने का हैं, ताकि हम पर्यावरण की चुनौतियों और जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण को कम करने के साथ ही जैवविविधता को जाने समझे और जिएं। हमें अपनी प्रकृति और पृथ्वी के साथ सद्भावयुक्त और मानवतापूर्ण व्यवहार करना होगा। इसके लिए अपनी जीवनशैली और प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करना होगा। हमें पर्यावरण अनुकूल जीवन पद्धति को बढ़ाना होगा। जिससे पृथ्वी का जीवन और पर्वों की महत्ता दोनों बने रहे। 

पर्यावरण विषय पर परिचर्चा एवं गोष्ठी आयोजित करें

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षय तृतीया विश्व पृथ्वी दिवस के  अवसर पर हम सभी लोग संकल्प लें कि हम अपने प्राकृतिक संसाधनों का सीमित और संयमित उपयोग करेंगे। ताकि वह अक्षय रहें। धरती माता को बचाने का प्रयास मिलकर करें, पौधों का रोपण करें। प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाएं ताकि हमारा प्रत्येक कर्म और उसका परिणाम अक्षय हो। इस दृष्टिकोण से अमृत सरोवरों पर जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण विषय पर परिचर्चा एवं गोष्ठी आयोजित की जाएं और वहां पर ग्रामीणों को भी आमंत्रित किया जाएं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए संकल्प भी दिलाया जाएं। कार्यक्रम मे लगाए जाने वाले बैनर, पोस्टर आदि पर जिला, तहसील ब्लाक और ग्राम सभा आदि का अंकन भी कराया जाएं।

सोशल मीडिया पर पोस्ट करे सेल्फी

उन्होंने निर्देश दिए विश्व पृथ्वी दिवस से पूर्व 21 अप्रैल को सभी अमृत सरोवरों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएं। सभी अमृत सरोवर पानी से लबालब नजर आने चाहिए। अमृत सरोवर सखी बनाए जाने पर भी विचार किया जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि अमृत सरोवर के साथ सेल्फी लेकर उसे टि्वटर पर(#Selfie With Amritsarovar ) के साथ प्रधानमंत्री,  मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री  ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार, उपमुख्यमंत्री और राज्यमंत्री ग्राम्य विकास आदि को टैग करते हुए ट्वीट किया जाएगा। अमृत सरोवरों के साथ सेल्फी लेकर सेल्फी विद अमृत सरोवर हेस्टैक के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जाएगा। 5 लाख से अधिक पोस्ट करने का लक्ष्य रखा गया है। विभागीय अधिकारी, कर्मचारी गांव के पदस्थ सभी सरकारी कर्मचारी और प्रधान आदि सेल्फी लेकर अपलोड करेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि अपने गांव में बने अमृत सरोवरों के साथ सेल्फी लेकर अपलोड करें। अमृत सरोवरों के पास छायादार ,फलदार और औषधीय पौधों का रोपण भी कराया जाए।

अधिकारियों को दिए ये निर्देश

 उन्होंने कहा कि जिन अमृत सरोवरों में पानी कम हो उन्हें  भराकर लबालब किया जाए। अच्छे अमृत सरोवर बनवाने‌ वाले प्रधानों, अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देने की शुरुआत की जाए। उन्होंने भी निर्देश दिए फोटो और वीडियो ट्विटर पर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तथा प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी प्रकाशित कराया जाए। उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 22 अप्रैल को आयोजित सेल्फी विद अमृत सरोवर के कार्यक्रम में उच्च स्तर के अधिकारी और जिले से भी अधिकारी मौजूद रहें, इसके लिए दिशा-निर्देश जारी की जाएं। यह भी निर्देश दिए कि सेल्फी विद अमृत सरोवर प्रोग्राम की सोशल मीडिया पर अपलोडेड रिपोर्ट निर्धारित फॉर्मेट पर मुख्यालय भेजी जाए।