Nandi

    Loading

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री न‍ंद गोपाल गुप्ता नंदी (Minister Nand Gopal Gupta Nandi) ने कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश (UP Budget 2023) के आर्थिक, औद्योगिक और सांस्कृतिक उत्थान का ब्लूप्रिंट है। समाज के प्रत्येक वर्ग के सशक्तिकरण का मजबूत खाका है। मंत्री नन्दी ने कहा कि बजट में विजन भी है और वजन भी है। इसमें योजना भी है और प्रभावी कार्ययोजना भी है। प्रत्येक सेक्टर के लिए पर्याप्त धन भी है और विकास का मन भी है। उत्तर प्रदेश में निवेश, रोजगार, औद्योगिक प्रगति के लिए यह बजट हेल्दी-टॉनिक साबित होगा।

    मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 25 करोड़ प्रदेशवासियों के दैनिक जीवन में खुशहाली, उन्नति और समृद्धि को साकार करने की दिशा में यह बजट एक ठोस कदम है। 

    जनकल्याणकारी बजट का स्वागत 

    मंत्री नन्दी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने में सक्षम इस ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी बजट का स्वागत करता हूं। प्रदेशवासियों की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और  वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।

    सपा को रास नहीं आ रहा विकास का प्रकाश

    वहीं, बुधवार को विधानसभा सदन में जब उत्तर प्रदेश का कल्याणकारी बजट पारित कराने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव काले रंग की शेरवानी पहनकर सदन में पहुंचे। जिस पर औद्योगिक विकास मंत्री नन्दी ने ट्वीट करते हुए कटाक्ष किया। मंत्री नन्दी ने कहा कि आज जब सदन में उत्तर प्रदेश के उज्जवल भविष्य और विकास के सवेरे का बजट प्रस्तुत किया जाना था तो अखिलेश यादव द्वारा काली शेरवानी का ड्रेस कोड यह बताता है कि सपा को विकास का प्रकाश रास नहीं आ रहा है। मंत्री नन्दी ने कहा कि अपने शासन काल में प्रदेश को बदहाली के काले अन्धेरे में धकेलने वाले अखिलेश यादव के लिए काला रंग फेवरेट होना स्वाभाविक है, लेकिन उन्हें नहीं मालूम कि उत्तर प्रदेश की जनता के मन में विकास के सूर्योदय का भगवा रंग बसता है।