CM Yogi

    Loading

    लखनऊ: ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-3 (Ground Breaking Ceremony-3) के सफल आयोजन के बाद अब उत्तर प्रदेश सरकार (UP Govt.) ग्लोबल इनवेस्टर सम्मिट (Global Investors Summit )की तैयारी में जुट गई है। आगामी 2023 में उत्तर प्रदेश ग्लोबल इनवेस्टर सम्मिट की मेजबानी करने जा रहा है। जिसको लेकर पांच कालीदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर बैठक हुई। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) ने यूपी ग्लोबल इनवेस्टर सम्मिट को भव्यतम बनाने की रूपरेखा पर चर्चा की। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी (Nand Gopal Gupta Nandi) ने यूपी ग्लोबल इनवेस्टर्स के आयोजन से सम्बंधित योजनाओं और तैयारियों से अवगत कराया।

    औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने बताया कि उत्तर प्रदेश वैश्विक और भारतीय निवेशकों के लिए सबसे अच्छे डेस्टीनेशन के रूप में उभरा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विगत तीन जून को सम्पन्न हुए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-3 में रिकॉर्ड 80,224 करोड़ रुपए का निवेश इस बात का प्रमाण है कि हमने निवेशकों का भरोसा और विश्वास जीता है। हम उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन इकोनॉमी वाला राज्य बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ग्लोबल इनवेस्टर्स सम्मिट 2023 इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। 

    कई देशों के प्रतिनिधि और निवेशक शामिल होंगे 

    मंत्री नन्दी ने बताया कि जनवरी 2023 में उत्तर प्रदेश में ग्लोबल इनवेस्टर्स सम्मिट के आयोजन की तैयारी शुरू हो गई है। जिसमें यूके, यूएसए, कनाडा, यूएई, सिंगापुर, जापान, नीरदलैंड, फ्रांस, जर्मनी, इजराइल, साउथ कोरिया, स्लोवाकिया, फिनलैंड, चेक रिपब्लिक, मोन्टेनेग्रो, बेल्जियम, मॉरिशस, नेपाल, थाईलैंड, आस्ट्रेलिया, स्वीडन, इंडोनेशिया आदि देशों के प्रतिनिधि और निवेशक शामिल होंगे। जिसमें करीब दस हजार से अधिक डेलीगेट्स के शामिल होने और छह लाख करोड़ के निवेश की सम्भावना है।

    13 देशों में रोड शो आयोजित किया जाएगा

    मंत्री नन्दी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आयोजित ग्लोबल इनवेस्टर सम्मिट को सफल बनाने के लिए दुनिया के 13 देशों के शहरों में रोड शो आयोजित किया जाएगा। इजराइल, यूरोप, यूके, लंदन, पेरिस, म्यूनिख, आइंटहॉवन, कनाडा, यूएसए, टोरंटो, सैनफ्रांसिस्को, न्यूयार्क आदि शहरों में रोड शो प्रस्तावित है।  ग्लोबल इनवेस्टर्स सम्मिट में इलेक्ट्रानिक व्हीकल मैन्यूफैक्चरिंग, डिफेंस, इंजीनियरिंग एंड मैन्यूफैक्चरिंग, एग्रो एंड फूड प्रोसेसिंग, फाइनटेक, वेंचर कैपिटल, फार्मा, वेस्ट मैनेजमेंट, डेयरी, एग्री इक्वीपमेंट, हैवी इंजीनियरिंग, एनर्जी आदि सेक्टर में निवेश की असीम सम्भावनाएं विकसित होंगी। ग्लोबल इनवेस्टर्स सम्मिट 2023 के आयोजन के सम्बंध में आयोजित बैठक में सम्मिट को सफल बनाने के लिए विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में राज्य मंत्री एमएसएमई राकेश सचान, राज्य मंत्री उद्योग जसवंत सैनी, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार, अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल आदि मौजूद थे।