अंबरनाथ में सादगी से मना ईद मिलादुन्नबी का त्यौहार

Loading

अंबरनाथ. अंबरनाथ के विविध क्षेत्रों में रहने वाले अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने अपने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाए जाने ईद मिलादुन्नबी का त्यौहार अक़ीदत व उल्हास के साथ मनाया. कोरोना के कारण इस साल जुलूस रद्द कर दिया गया था इस लिए जुलूस नहीं निकला. 

अंबरनाथ मुस्लिम जमात, मस्जिद ट्रस्ट अंबरनाथ के बैनर तले स्थानीय कोहोजगांव स्थित हजरत गैबनशाह वली की दरगाह पर सादगी से यह त्यौहार मना. मुस्लिम बहुल बस्तियों में सजावट व बिजली की विशेष रोशनी की व्यवस्था की गई थी. जगह जगह शरबत, नियाज का वितरण किया गया.

जमात के सदर हाजी सलीम चौधरी, ट्रस्टी हबीब सौदागर, आरिफ काजी, असलम खान आदि की देखरेख में दरगाह के मुख्य द्वार पर बनने वाले बुलंद दरवाजे के निर्माण कार्य की शुरुआत अंबरनाथ शहर कांग्रेस के अध्यक्ष प्रदीप पाटिल ने नारियल फोड़कर व मस्जिद के मौलाना ने दुआ पढ़कर की. इस अवसर पर स्थानीय वार्ड के नगरसेवक उमेश पाटिल भी उपस्थित थे.  कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप पाटिल ने दरगाह में जियारत भी की. जमात के पदाधिकारियों ने अतिथियों का शाल व फूल माला देकर स्वागत किया.