मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ इंटक का प्रदर्शन

Loading

नवी मुंबई. शहर में जहां शुक्रवार को भाजपा ने महाराष्ट्र बचाओ आन्दोलन चलाया वहीं पनवेल एवं उरण में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक ने सचिव महेन्द्र घरत के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया. इंटक सचिव ने मोदी सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि आम लोगों और कामगारों का विचार किए बिना पीएम ने सम्पूर्ण देश में लॉकडाऊन कर दिया जिससे आज मजदूर रोजी रोटी के लिए बेहाल हो गए हैं. अधिकांश मजदूर बेबसी में जान गंवा रहे हैं.

घरत ने कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी, जीएसटी और अब लॉकडाउन के जरिए हिन्दुस्तान का बंटाधार कर दिया है. सरकार की नीतियां जनता विरोधी हैं. बता दें कि शुक्रवार को इंटक पदाधिकारियों में मुंह पर पट्टियां बांधकर प्रदर्शन किया. इस दौरान नवी मुंबई, रायगड़ और पनवेल के विविध ठिकानों पर केन्द्र सरकार के खिलाफ आंदोलन किए गए. प्रदर्शन में वैभव पाटिल, किरीट पाटिल, विनोद म्हात्रे, संजय ठाकुर, समेत तमाम लोग शामिल थे.