Mukhtar-ansari

    Loading

    बांदा (उप्र): उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मऊ (Mau) जिले से बहुजन समाज पार्टी के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) को पंजाब के रोपड़ (Ropar) जिला जेल से बांदा (Banda) जेल में शिफ्ट किया जा रहा है। अंसारी को एंबुलेंस में लेकर यूपी की बांदा जेल ले जाया जा रहा है। 

    उस वाहन के आगे-पीछे यूपी पुलिस की कड़ी सुरक्षा है। तकरीबन 10 गाड़ियों के काफिले के साथ 150 पुलिसकर्मी अंसारी को बांदा जेल शिफ्ट करने के लिए ला रहे हैं। जानकारी के हिसाब से, यह काफिला शाम छह बजे के करीब उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर चुका है। इस काफिले की हरियाणा के सोनीपत से ईस्‍टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के रास्ते यूपी के बागपत में एंट्री हो गई है।

    खबर है कि, मुख्तार को ले जा रहा पुलिस का काफिला ग्रेटर नोएडा में करीब 20 मिनट तक यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर में रुक कर वाहनों में ईंधन भराने के बाद जेवर टोल पार कर मथुरा की ओर रवाना हुआ। रात करीब आठ बजे मुख्तार अंसारी को लेकर पुलिस का काफिला अलीगढ़ के टप्पल से पास हुआ।

    दूसरी ओर बीएसपी एमपी और मुख्तार अंसारी के भाई अफज़ल अंसारी (Afzal Ansari) ने कहा, “उनकी नीयत ठीक नहीं है। उसी बाँदा जेल (जहाँ मुख्तार अंसारी को शिफ्ट किया जा रहा है) में, उन्हें चाय में जहर दिया गया था … हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। हम उनसे चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने की गुहार लगा चुके हैं।”

    वहीं दूसरी ओर मुख्तार अंसारी की वापसी को लेकर बांदा की जेल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। हालांकि, खबरों के मुताबिक मुख्तार अंसारी के बुधवार सुबह तक बांदा पहुंचने की संभावना है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, बांदा जेल प्रशासन की मांग पर जेल परिसर में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। 

    एक अधिकारी ने बताया, “माफिया सरगना मुख्तार अंसारी को सभी औपचारिकताएं पूरी कर पंजाब के रोपड़ जेल से आज दोपहर करीब दो बजे उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंपे जाने की सूचना मिली है और लगभग 900 किलोमीटर की दूरी तय कर उनके यहां (बांदा) बुधवार सुबह तक पहुंचने की संभावना है।”