उन्नाव रेप कांड अभियुक्त के साथी को BJP ने बनाया जिला पंचायत प्रत्याशी, पीड़िता ने किया विरोध

    Loading

    राजेश मिश्र

    लखनऊ. भाजपा (BJP) की सरकार को लगातार कटघरे में खड़ा करता रहा उन्नाव का चर्चित बलात्कार कांड (Unnao Rape Case) अब भी पीछा नहीं छोड़ रहा है। पंचायत चुनाव (Panchayat Election) में हारकर कर तीसरे नंबर पर पहुंच जाने के बाद भी ज्यादातर जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी हथियाने की जुगत में लगी भाजपा को एक बार फिर उन्नाव कांड ने शर्मसार किया है। उन्नाव से भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए घोषित प्रत्याशी अरुण सिंह (Arun Singh) को रेप कांड पीड़िता ने आरोपी होने का दावा किया है और उन्हें हटाने की मांग की है।

    उन्नाव के प्रत्याशी अरुण सिंह प्रदेश की भाजपा सरकार में मंत्री रणंजय सिंह के दामाद भी हैं। रेप कांड पीड़िता व परिजनों के पेशी पर जाते समय जो एक्सीडेंट हुआ था उसमें अरुण सिंह को आरोपी बनाया गया था। इससे पहले भाजपा ने उन्नाव की बांगरमऊ सीट के लिए हुए उपचुनाव में रेप कांड के मुख्य अभियुक्त व सजायाफ्ता विधायक कुलदीप सेंगर की पत्नी संगीता सेंगर को प्रत्याशी बना दिया था। काफी हो हल्ला मचने के बाद टिकट काटा गया था।

    प्रदेश भाजपा में हड़कंप मचा 

    उन्नाव रेप कांड की पीड़िता के दुर्घटना मामले में सीबीआई ने भाजपा के निलंबित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर समेत 10 लोगों के खिलाफ बुधवार की सुबह हत्या, साजिश और धमकी देने की एफआईआर दर्ज कर ली है। इन 10 लोगों की सूची में आरोपी नंबर-7 अरुण सिंह है जो बीजेपी कार्यकर्ता है और उन्नाव में एक ब्लॉक का अध्यक्ष है। इन्हीं अरुण सिंह को भाजपा ने एफआईआर दर्ज होने के अगले ही जिन उन्नाव से जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बना दिया है। रेप कांड पीड़िता व परिजनों के साथ हुई दुर्घटना का आरोपी होने व एफआईआर दर्ज होने की खबर सामने आने के बाद प्रदेश भाजपा में हड़कंप मचा हुआ है।

    उन्नाव रेप कांड पीड़िता ने पीएम, सीएम को लिखा पत्र

    उन्नाव रेप कांड पीड़िता ने इस पूरे मामले को लेकर प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी के साथ ही राष्ट्रपति को पत्र लिखा है। पीड़िता का कहना है कि भाजपा प्रत्याशी अरुण सिंह उन्नाव रेप कांड आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर का करीबी है। उन्नाव रेप कांड पीड़िता ने अरुण सिंह पर जान से मारने का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि रेप कांड पीड़िता के परिवार वालों का जब एक्सीडेंट हुआ था तो अरुण सिंह को आरोपी बनाया गया था।

    वीडियो जारी कर बीजेपी को ख़ूब खरी-खोटी सुनाई 

    अरूण सिंह को टिकट मिलने पर दुष्कर्म पीड़िता ने एक वीडियो जारी कर बीजेपी को ख़ूब खरी-खोटी सुनाई है और पूछा है कि वह उसके साथ है या कुलदीप सेंगर के साथ। पीड़िता ने वीडियो में कहा है कि भाजपा दोषियों को टिकट दे रही है। मेरे पिता की हत्या में अरूण सिंह नामजद है और वह मेरी जान के लिए ख़तरा बना हुआ है। पीड़िता ने कहा है कि सामूहिक दुष्कर्म मामले में और पिता की हत्या में अरूण सिंह शामिल है। इन लोगों ने हमारे पूरा परिवार को बर्बाद कर दिया है और सरकार अभी भी दोषियों का साथ दे रही है। पीड़िता ने आगे कहा कि एक ओर सरकार कहती है कि दोषियों को जेल के अंदर किया जाए और दूसरी ओर दोषियों को टिकट दे रही है। पीड़िता ने कहा कि अरूण सिंह का टिकट वापस लिया जाए।