Sun Rise,'Moothon' won awards at New York Indian Film Festival

Loading

न्यूयॉर्क: राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित डॉक्यूमेंटरी ‘सन राइज’ और गीतू मोहनदास निर्देशित ‘मूथोन’ ने 20वें न्यूयॉर्क भारतीय फिल्म महोत्सव में बड़े पुरस्कार जीते हैं। इस साल डिजिटल माध्यम से ही इस फिल्म महोत्सव का आयोजन किया गया। इस फिल्म महोत्सव में भारतीय उपमहाद्वीप की 45 से अधिक फीचर, लघु डॉक्यूमेंटरी दिखाई गईं। डिजिटल महोत्सव की शुरुआत 24 जुलाई को हुई थी और यह 10 दिन तक चला। इसमें असम, बंगाली, हरियाण्वी, हिंदी, अंग्रेजी, लद्दाखी, मैथिली, मलयालम, मराठी, नेपाली और तमिल भाषा की फिल्में दिखाई गईं।

रविवार को पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया और इसमें फिल्म निर्माता, कलाकार तथा भारत और अमेरिका के कई अधिकारी मौजूद थे। सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंटरी (लघु) का पुरस्कार सौरव विष्णु निर्देशित ‘’टेलिंग पॉन्ड’ को दिया गया, जिसमें झारखंड के जादूगोड़ा के लोगों के स्वास्थ्य पर यूरेनियम खनन के प्रभाव को दिखाया गया है।

विभा बक्शी की ‘सन राइज’ को सर्वश्रेष्ड डॉक्यूमेंटरी (फीचर) के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस फिल्म को 2019 में राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है। एनवाईएफएफ ने इस फिल्म को ‘‘हरियाणा में पितृसत्तात्मक समाज के बारे में एक मजबूत डॉक्यूमेंटरी बताया जिसमें कुछ लोग समाज को बदलने के लिए काम करते हैं।” ‘मूथोन’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला है। इसके निर्देशक मोहनदास ने यह पुरस्कार स्वीकार किया। इसमें प्रेम और खोने की कहानी है।

इसे लक्षद्वीप के शांत और सरस तटों से लेकर मुंबई की सड़कों पर भागमभाग भीड़ के बीच फिल्माया गया है। इस फिल्म का निर्माण भारतीय फिल्म निर्देशक और लेखक अनुराग कश्यप ने किया है। इसे पिछले साल टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दिखाया गया था। (एजेंसी)