PIC: Twitter
PIC: Twitter

    Loading

    बीजिंग: बीजिंग की कड़े COVID-19 नीति के खिलाफ शनिवार 26 नवंबर रात चीन (China) के शंघाई में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लोगों को कोविड संबंधी चीनी सरकार के प्रतिबंधों के खिलाफ (Chinese Protest Against Zero-Covid Policy) नारे लगाते हुए देखा जा सकता है। 

    चीन में यह प्रदर्शन उरुमकी में एक अपार्टमेंट में आग लगने से 10 लोगों की मौत और नौ लोगों के घायल होने के बाद शुरू हुआ। कड़े कोविड नीति पर रोष चीनी नागरिकों में देखा गया, जिसका असर ये रहा कि, लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए हैं। 

    डीडब्ल्यू न्यूज ईस्ट एशिया के संवाददाता विलियम यांग ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें ‘उरुमकी रोड’ पर लोगों ने शी जिनपिंग की अगुवाई वाली चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने “कम्युनिस्ट पार्टी को हटाओ”, “कम्युनिस्ट पार्टी पद छोड़ो” और “शी जिनपिंग पद छोड़ो” जैसे नारे लगाए।

    विलियम यांग ने एक ट्वीट में बताया कि, ”अनगिनत लोग उरुमकी रोड पर इकट्ठा हुए और नारे लगाए, मुझे पीसीआर टेस्ट नहीं चाहिए, मुझे आजादी चाहिए।” जबकि एक अन्य ट्वीट में विलियम यांग ने लिखा, ”उरुमकी रोड में लोगों ने शिनजियांग में भी लॉकडाउन खत्म करने का आह्वान किया।’

    दूसरे ट्वीट में यांग ने बताया कि, शंघाई में एक विरोध प्रदर्शन स्थल पर लोगों और पुलिस के बीच हाथापाई हुई। इस दौरान लोगों ने “स्टेप डाउन सीसीपी” का नारा भी लगाया।

    इतना ही नहीं द नेशनल के वरिष्ठ अमेरिकी संवाददाता जॉयस करम ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें लोग वुलुमुकी रोड में COVID-19 प्रतिबंधों का विरोध करते हुए नज़र आए। करम ने ट्वीट किया, “चीन के सबसे बड़े शहर में कोविड प्रतिबंधों और सरकारी नियमों को लेकर दुर्लभ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। इस वीडियो में भीड़ नारा लगा रही है, “हम आजादी चाहते हैं।”

    बता दें कि, चीन में कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं, ऐसे में सरकार ने कई शहरों में लॉकडाउन लगा दिया। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, शंघाई के 25 मिलियन लोगों को इस साल की शुरुआत में दो महीने के लिए लॉकडाउन में रखा गया था। जिसके बाद अब लोग सड़कों पर उतरना शुरू कर चुके हैं। शुक्रवार की रात, उरुमकी की सड़कों पर भीड़ ने नारा लगाया, “लॉकडाउन खत्म करो!”