Photo Credit tiwtter-ANI
Photo Credit tiwtter-ANI

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना को एक के बाद एक झटका हर रोज लग रहा है। दरअसल आज महाराष्ट्र विधानसभा में आज होने वाले फ्लोर टेस्ट होने से पहले शिवसेना के विधायक संतोष बांगर ने शिंदे ग्रुप से जुड़ने का फैसला लिया है। बता दें कि उद्धव ठाकरे गुट के शिवसेना विधायक संतोष बांगर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके गुट के विधायकों के साथ देखे गए। संतोष बांगर आज सुबह होटल से शिंदे गुट के विधायकों के साथ निकले थे और उनके साथ विधानसभा पहुंचे।इसके अलावा एक अन्य विधायक श्यामसुंदर शिंदे विश्वास मत से ठीक पहले एकनाथ शिंदे समूह में शामिल हो गुए हैं।

    इससे पहले शिंदे खेमा ने रविवार को हुए स्पीकर चुनाव में जीत हासिल कर ली है। वहीं आज शिंदे सरकार की दूसरी परीक्षा की घड़ी है. एकनाथ शिंदे की सरकार आज विधानसभा में फ्लोर टेस्ट का सामना करेगी. जिससे साफ हो जाएगा कि उनकी सरकार बहुमत में है। वहीं, केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रावसाहेब पाटिल दानवे ने कहा, आज महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार के लिए अंतिम परीक्षा का दिन है। हम महाराष्ट्र फ्लोर टेस्ट में 100% जीतेंगे।

    संजय राउत बोले

    इस उठापटक के बीच संजय राउत ने कहा, जो लोग छोड़कर गए हैं उनका गांव में घूमना भी मुश्किल है। कसाब को भी इतनी सुरक्षा नहीं दी गई थी जितनी इनको (विधायकों को) दी गई। जब यह लोग मुंबई में उतरे तो लगभग आर्मी को बुला लिया था। गुवाहाटी में भी देखा होगा कि किस तरह से घेराबंदी की थी। आपको किस बात का डर है? पार्टी में लोग आते हैं चले जाते हैं, ऐसा हर पार्टी में होता है। हमारे लोग भी गए लेकिन यह लोग चुनकर वापस कैसे आएंगे? यह लोग शिवसेना के नाम और हमारे कार्यकर्ता की मेहनत से चुनकर आए थे। कोई प्रलोभन या किसी एजेंसी के दबाव की वजह से यह लोग चले गए। यह अस्थायी व्यवस्था है।