नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने ‘भारत न्याय यात्रा’ निकालने के कांग्रेस (Congress) के फैसले पर तंज कसते हुए बुधवार को विपक्षी पार्टी पर 1984 के सिख दंगा पीड़ितों को कई वर्षों तक न्याय दिलाने में विफल रहने और ‘टुकड़े-टुकड़े’ गैंग के साथ खड़े होने का आरोप लगाया।
14 जनवरी से शुरू होगी ‘भारत न्याय यात्रा’
कांग्रेस ने बुधवार को घोषणा की कि वह राहुल गांधी के नेतृत्व में मणिपुर से मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा’ आयोजित करेगी, जो 14 जनवरी से 14 राज्यों और 85 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा का समापन 20 मार्च को उसी समय होगा जब अगले लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना है।
अन्याय करने वाले ‘न्याय’ कैसे कर सकते है
ठाकुर ने कांग्रेस की भारत न्याय यात्रा के बारे में पूछे जाने पर यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘जो लोग 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को कई वर्षों तक न्याय नहीं दिला सके, वे किसी के साथ न्याय कैसे कर सकते हैं?” उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्यों को शामिल करते हैं और जाति और क्षेत्र के आधार पर विभाजन पैदा करते हैं, वे कैसे न्याय प्रदान करेंगे?”
विकसित भारत संकल्प यात्रा’ से ध्यान भटकाने का प्रयास
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, “जनता द्वारा हर बार खारिज किए जाने के बाद भी, कांग्रेस सीखने से इनकार करती है। यह लगातार ड्रामा खड़े करते है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह (भारत न्याय यात्रा) सिर्फ पीएम मोदी की चल रही ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ से ध्यान भटकाने का एक प्रयास है।”
VIDEO | “Even after being rejected by the public, the Congress refuses to learn. It constantly stirs up drama and this (Bharat Nyay Yatra) is just an attempt to divert the attention from PM Modi’s ongoing 'Viksit Bharat Sankalp Yatra',” says Union minister @ianuragthakur on… pic.twitter.com/mP4gzdOI6D
— Press Trust of India (@PTI_News) December 27, 2023
टुकड़े-टुकड़े गैंग का जिक्र
उन्होंने कहा कि यह मोदी सरकार है जिसने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए एसआईटी जांच का गठन किया। वर्ष 2016 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में हुए विवाद के बाद से भाजपा के नेता कुछ तत्वों को ‘राष्ट्र-विरोधी’ के रूप में आरोप लगाने के लिए ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का इस्तेमाल करते हैं।
ठाकुर ने कहा कि देश के लोग भगवान राम को काल्पनिक कहने वाले उनके असली चेहरे को पहचान चुके हैं, जिनके गठबंधन सहयोगी सनातन धर्म को खराब स्वरूप में दिखाते हैं और हिंदुओं का अपमान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इतना ही नहीं उनके नेता एक के बाद एक ओछे बयान दे रहे हैं।” (भाषा इनपुट के साथ)