Join BJP
नरेंद्र मोदी-जेपी नड्डा (डिजाइन फोटो)

Loading

नागपुर डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने मिशन 2024 में जोर-शोर से लगी हुई है। भारतीय जनता पार्टी ने देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी (Political Parties) बनने के बाद भी कई अन्य दलों को लोगों को भी अपने पाले में खींचने का सिलसिला बरकरार रखा है। अबकी बार 400 पार के नारे को सफल बनाने के लिए ब्लॉक स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक भारतीय जनता पार्टी ने एक लाख से अधिक लोगों को अपने पाले में खींचने का संकल्प 80 प्रतिशत से अधिक पूरा कर लिया है। इसके लिए 5 दिग्गज नेता मिशन पर काम कर रहे हैं।

कहा जा रहा है कि चुनाव से पहले लगभग 80,000 नेताओं और कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी में शामिल कराने में सफलता पाई है। राजनीतिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दूसरे दलों को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं में न केवल राष्ट्रीय स्तर और राज्य स्तर के बड़े नेता हैं, बल्कि जिला और ब्लॉक स्तर पर भी कई नेता और कार्यकर्ताओं ने अपनी पार्टी बदली है तथा भारतीय जनता पार्टी में आस्था जताते हुए काम करने का संकल्प लिया है।

भारतीय जनता पार्टी के सूत्रों ने बताया कि पार्टी का लक्ष्य आगामी लोकसभा चुनाव तक दूसरे दलों के करीब एक लाख नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल करने का रखा गया है, जिसके लिए पार्टी जोरशोर से काम कर रही है। यह पार्टी का जनाधार बढ़ाने का काम तेजी से सभी राज्यों में चल रहा है।

Join BJP
5 दिग्गजों ने संभाला दूसरे दल के नेताओं को BJP में खींचने का जिम्मा

हाल ही में भाजपा में शामिल होने वाली प्रमुख हस्तियों में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, बहुजन समाज पार्टी से रितेश पांडे और संगीता आज़ाद, परनीत कौर, लालचंद कटारिया, किरण कुमार रेड्डी, (आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री), सुरेश पचौरी शामिल हैं। अन्य नेताओं में कांग्रेस से ज्योति मिर्धा, अर्जुन मोढवाडिया और रवनीत सिंह बिट्टू, ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस से अर्जुन सिंह, वाईएसआरसीपी से वी. वरप्रसाद राव, आम आदमी पार्टी से सुशील कुमार रिंकू और शीतल अंगुराल शामिल हैं।

इन 5 नेताओं को जिम्मेदारी

बीजेपी की जॉइनिंग कमेटी की संरचना के अनुसार विनोद तावड़े भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम क्षेत्र का काम सौंपा है, जो ज्वाइनिंग अभियान का समन्वय कर रहे हैं, जबकि रविशंकर प्रसाद को पूर्वी भारत का कार्यभार सौंपा है। राजीव चंद्रशेखर दक्षिण भारत के इलाके में काम कर रहे हैं और अनुराग ठाकुर को उत्तर भारत में लोगों को अपने पाले में खींचने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं भूपेंद्र यादव सेंट्रल इंडिया में इस मुहिम पर अपने तरीके से काम कर रहे हैं।