कांग्रेस ने की राजस्थान और मिजोरम की समीक्षा, चुनाव नतीजों को लेकर हुआ मंथन

Loading

नई दिल्ली : कांग्रेस (Congress) के शीर्ष नेतृत्व ने राजस्थान (Rajasthan) और मिजोरम (Mizoram) के हालिया विधानसभा चुनावों में पार्टी को मिली हार की समीक्षा के लिए शनिवार को अलग-अलग बैठकें कीं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में समीक्षा बैठक बुलाई थी। इस बैठक में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।   

मिजोरम के लिए समीक्षा बैठक पहले हुई। इसके बाद राजस्थान के चुनाव नतीजों को लेकर समीक्षा बैठक की। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं राजस्थान के लिए हुई समीक्षा बैठक में भाग लिया।     

 

कांग्रेस के मिजोरम प्रभारी भक्त चरण दास ने बाद में कहा, ‘‘हमने मिजोरम चुनाव के हर पहलू पर चर्चा की, जिसमें जमीनी स्तर और राज्य स्तर पर राज्य की संगठनात्मक संरचना के साथ-साथ चुनाव के दौरान हुए विभिन्न घटनाक्रम शामिल थे।” 

मिजोरम प्रभारी भक्त चरण दास ने कहा, ‘‘हमने अपनी भविष्य की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। इन सभी मामलों पर गहन चर्चा की गई।” 

 

एक समय में उत्तर पूर्व में कांग्रेस काफी मजबूत स्थिति में थी लेकिन धीरे-धीरे स्थानीय दलों के उदय व भाजपा की पकड़ से कांग्रेस की स्थिति कमजोर हो गयी है। 

आपको बता दें कि कांग्रेस ने राजस्थान और मिजोरम में आशा के अनुरुप प्रदर्शन नहीं किया, वहीं उसका छत्तीसगढ़ की सरकार गंवानी पड़ गयी है। हालांकि तेलंगाना में मिली जीत से कांग्रेस को संजीवनी जरूर मिली है। 

एजेंसी इनपुट के साथ