लालू यादव ने परिवारवाद को लेकर PM मोदी पर साधा निशाना, बोले- ‘तुम्हें क्यों नहीं हुई कोई संतान…’

Loading

पटना: बिहार की राजधानी पटना में आयोजित जन विश्वास रैली  (Jan Vishwas Rally) के दौरान राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने परिवारवाद के मुद्दे को लेकर पीएम मोदी पर तंज कसा है। पूर्व रेल्वे मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी हर बार परिवारवाद का मुद्दा उठाते रहते हैं, ये क्यों नहीं बताते कि उन्हें क्यों कोई संतान नहीं हुई। लालू के ऐसा कहते ही रैली में मौजूद समर्थकों ने जोर से तालियां बजाना शुरू कर दिया।

मोदी तुम हिंदू भी नहीं 

पीएम मोदी पर निशान साधते हुए लालू यादव ने कहा कि मोदी क्या है, क्या चीज है? मोदी परिवारवाद पर बोलते हैं, यह बताओ मोदी जी आपको संतान क्यों नहीं हुआ? तुम्हारे पास परिवार नहीं है। मोदी तुम हिंदू भी नहीं है। किसी की मां मरती है तो बेटा बाल अपना छिलवाता है। तुम क्यों नहीं छिलवाए? जब तुम्हारी मां का निधन हुआ।

बिहार ने बहुत सारे महान व्यक्तित्व दिए

पटना के गांधी मैदान में राजद की ‘जन विश्वास महारैली’ में बिहार के पूर्व सीएम और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने कहा, ”राजा दशरथ के पुत्र भगवान राम का विवाह बिहार के जनकपुर में हुआ था। बिहार ने बहुत सारे महान व्यक्तित्व दिए हैं।  उसी गांधी मैदान में देश भर के नेताओं ने रैलियां और सभाएं की हैं। यहां से पूरे देश में एक संदेश गया। बिहार की राय में इतनी ताकत है कि बिहार जो फैसला करता है, देश की जनता उसका अनुकरण करती है। कल भी यही होने वाला है।”

भाजपा को कर देंगे नेस्तनाबूद 

लालू प्रसाद यादव ने कहा, “गांधी मैदान की आज की इस रैली से मैं ये आह्वान करता हूं कि आने वाले लोकसभा के चुनाव में हम भाजपा को नेस्तनाबूद कर देंगे…”

नीतीश कुमार पर बोला हमला

नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए लालू ने कहा कि 2017 में जब नीतीश महागठबंधन से एनडीए में गए थे तो नीतीश को हम गाली नहीं दिए।हम कहे थे पलटूराम है।इसके बाद हम उनको फिर महागठबंधन में दोबारा लिए।हम लोग से गलती हुई। आरजेडी सुप्रीमो ने आगे कहा कि आज की रैली की भीड़ को देखकर नीतीश को पता नहीं और कौन-कौन सी बीमारी हो जाएगी।उन्होंने पुराने अंदाज में कहावत कही।’लागल लागल झुल्हनिया में धक्का बलम कोलकाता चलो’।

 जन विश्वास रैली

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राष्ट्रीय जनता दल ने जन विश्वास रैली का आयोजन किया है। इस रैली को लोकसभा चुनाव से पहले इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। इस रैली में  कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता सीताराम येचुरी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव शामिल हुए।