आज आडवाणी को घर जाकर भारत रत्न देंगी राष्ट्रपति मुर्मू, PM मोदी और गृहमंत्री शाह रहेंगे मौजूद

Loading

नई दिल्ली: आज यानि रविवार 31 मार्च को बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी (Lal Krishna Advani) को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिया जाएगा। इस बाबत आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Drupadi Murmu) उनके घर जाकर उन्हें सम्मानित करेंगी। इस ख़ास मौके पर दौरान PM नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) और BJP अध्यक्ष जेपी नड्‌डा (JP Nadda) भी मौजूद रहेंगे।

मिली जानकारी के अनुसार दरअसल आडवाणी के खराब स्वास्थ्य के चलते ये फैसला लिया गया है। गौरतलब है कि, PM मोदी ने बीते 3 फरवरी को उन्हें भारत रत्न देने की घोषणा की थी। वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा के संस्थापक सदस्य नाना जी देशमुख के बाद ये सम्मान पाने वाले भाजपा और RSS के जुड़े तीसरे नेता हैं।

गौरतलब है कि, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बीते शनिवार को यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि वैज्ञानिक एम एस स्वामीनाथन तथा बिहार के दो बार मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ मरणोपरांत प्रदान किया।
बीते रविवार को राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन को दिए गए पुरस्कार उनके परिवार के सदस्यों ने लिए। पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के लिए मुर्मू से यह सम्मान उनके पुत्र पी वी प्रभाकर राव ने स्वीकार किया। वहीं चौधरी चरण सिंह के लिए उनके पोते और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राष्ट्रपति से यह सम्मान स्वीकार किया।

स्वामीनाथन की ओर से उनकी बेटी नित्या राव और कर्पूरी ठाकुर की ओर से उनके बेटे रामनाथ ठाकुर ने राष्ट्रपति मुर्मू से यह पुरस्कार लिया। इस अतिमहत्वपूर्ण समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित भी थे।