नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी संस्कृति परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद की रही है जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राजनीतिक संस्कृति प्रत्येक देशवासी को साथ लेकर चलने की है। BJP के 44वें स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने भारत को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों से मुक्त करने की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया।
PM Shri @narendramodi addresses Party karyakartas on BJP’s 44th Foundation Day. #BJPSthapnaDiwas https://t.co/1bxgbdduJj
— BJP (@BJP4India) April 6, 2023
भारत को लोकतंत्र की जननी करार देते हुए मोदी ने कहा कि प्रारंभ से ही BJP की आस्था जनता के विवेक पर रही है और दिनों दिन वह आस्था और मजबूत होती जा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘BJP ने लोकतंत्र की कोख से जन्म लिया, BJP लोकतंत्र के अमृत से पोषित है और BJP देश के लोकतंत्र व उसके संविधान को मजबूत करते हुए समर्पण भाव से दिन-रात देश के लिए काम कर रही है।”
BJP को विकास, विश्वास और नए विचार का पर्याय बताते हुए प्रधानमंत्री ने मुफ्त राशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया और कहा कि सामाजिक न्याय उनकी पार्टी की विचारधारा का आधार है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में बहुत सारे दलों ने सामाजिक न्याय के नाम पर राजनीति का दिखावा किया और इन दलों के मुखिया अपने परिवार का भला करते रहे।
मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने समाज की कतई चिंता नहीं की जबकि BJP सामाजिक न्याय को जीती है, उसकी भावना का अक्षरश: पालन करती है। 80 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव मुफ्त राशन मिलना सामाजिक न्याय का ही प्रतिबिंब है। 50 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव 5,00,000 रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलना सामाजिक न्याय की ही सशक्त अभिव्यक्ति है।” उन्होंने कहा कि BJP सही अर्थों में देश के दबे कुचले समाज के लिए आशा की किरण बनी हुई है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि ऐसे दलों की संस्कृति परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद की रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘जबकि BJP की राजनीतिक संस्कृति प्रत्येक देशवासी को साथ लेकर चलने की है। कांग्रेस जैसी पार्टियों की संस्कृति छोटा-छोटा सोचना, छोटे सपने देखना और उससे भी कम हासिल करके खुशियां मनाना है। खुशी मतलब एक दूसरे की पीठ थपथपाना है। BJP की राजनीतिक संस्कृति है बड़े सपने देखना और उससे भी ज्यादा हासिल करने के लिए जी जान से खप जाना।”
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की संस्कृति में महिलाओं की चुनौतियों की परवाह ही नहीं की जाती है जबकि BJP की राजनीतिक संस्कृति महिलाओं के जीवन को आसान बनाना रही है। पार्टी ने अपने स्थापना दिवस से 14 अप्रैल को, बाबा साहेब डॉक्टर बी.आर. आंबेडकर की जयंती तक, विशेष सप्ताह मनाने का फैसला किया है। पार्टी 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले के जन्मशताब्दी- दिवस के अवसर पर अनेक स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।