rajasthan
Pic: Social Media

Loading

नई दिल्ली/प्रतापगढ़. राजस्थान (Rajasthan) से मिली एक सनसनीखेज खबर के अनुसार, यहां के प्रतापगढ़ (Pratapgarh) जिले के धरियावाद में एक महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने का मामला सामने आया है। यहां पीड़िता के पति ने ही गांव वालों के सामने महिला को 1 किमी तक दौड़ाया। वहीं घटना 31 अगस्त की है। बीते शुक्रवार को इस घटना का VIDEO वायरल होने के बाद मामले का खुलासा हुआ।

मामले पर SP अमित कुमार ने बताया कि महिला की शादी एक साल पहले ही इस गांव के युवक के साथ हुई थी। महिला ने देर रात पुलिस में शिकायत की। इसके बाद FIR दर्ज की गई है। इसमें 14 लोगों के नाम हैं। 

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के एक गांव में 21 वर्षीय एक आदिवासी महिला को कथित तौर पर निर्वस्त्र कर घुमाए जाने के मामले में उसके पति सहित अब तक 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

इसके पहले प्रतापगढ़ SP अमित कुमार ने यह भी बताया था कि, राजस्थान के प्रतापगढ़ घटना के सिलसिले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के पीछा करने पर भागने की कोशिश में आरोपी घायल हो गये। इनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।”

अब पुलिस बयान में गया है, “मुख्य आरोपी कान्हा, नेतिया, बेनिया, पिंटू और एक नाबालिग के अलावा अपराध के प्रत्यक्षदर्शी पुनिया, खेतिया और मोतीलाल को हिरासत में लिया गया है।” पुलिस ने बताया कि भागने की कोशिश में कान्हा, नेतिया और बेनिया घायल हो गए और उनका इलाज प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में किया जा रहा है। बयान के अनुसार, “बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।” वहीं पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें गठित की गई हैं और प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार गांव में डेरा डाले हुए हैं।

क्या है मामला 

बताया जा रहा है कि, महिला की शादी एक साल पहले ही हुई थी। लेकिन, वह ससुराल से अपने मायके आ गई थी। वहीं वह नाता प्रथा के तहत एक दूसरे युवक के साथ रहने चली गई थी। जैसे ही इस बात का पता महिला के पति को चला, वह आग बबूला हो गया और अपने घरवालों के साथ महिला के मायके आ धमका। इसके बाद उसने अपनी पत्नी की जमकर पिटाई की। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक शख्स महिला को गांव में घसीटता दिखता है।

चीखती रही ‘अबला’, किसी ने नहीं की मदद 

इस घटना का जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें महिला चीख रही है। वह खुद को छोड़ने की गुहार लगा रही है। पति उसे जबरन पकड़ कर भीड़ में ले जाता है। पूरे गांव में घुमाता है। इस दौरान गांव के कई लोग मौजूद उसे देखते रहते हैं, लेकिन कोई उसके पति को इस घिनौना कृत्य करने से नहीं रोकता। बताया जा रहा है कि इस दौरान महिला से मारपीट भी की गई। महिला को एक किमी दूर गांव की नदी तक निवस्त्र दौड़ाया गया।

मामले पर धरियावद विधानसभा, प्रतापग के कांग्रेस विधायक नागराज मीणा ने जानकारी दी कि, “इस घटना की जानकारी मुझे रात करीब 9 बजे हुई। उसके बाद मैंने जिला कलेक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक से बात की। इस घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है। ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए। पुलिस इस पर तत्परता से कार्रवाई करेगी।”

वहीं इस घटना पर गहलोत सरकार पर तंज कसते हुए बीजेपी अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा ने कहा कि,”राजस्थान के प्रतापगढ़ का वीडियो चौंकाने वाला है। राजस्थान में शासन व्यवस्था पूरी तरह से नदारद है। मुख्यमंत्री और मंत्री गुटीय झगड़ों को निपटाने में व्यस्त हैं। इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि राज्य में महिला सुरक्षा के मुद्दे को पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है। आए दिन महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न की कोई न कोई घटना सामने आती रहती है। राजस्थान के लोग राज्य सरकार को सबक सिखाएंगे।”