राजस्थान के CM का ऐलान, भजनलाल शर्मा होंगे अगले मुख्यमंत्री, बीजेपी के विधायक दल ने लगाई मुहर

Loading

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री (Rajasthan News CM) का ऐलान हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने भजन लाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) के नाम पर मुहर लगा दी है। भजन लाल शर्मा पहले बार सांगानेर सीट से विधायक बने हैं। राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ समर्थित शर्मा (56) ने जयपुर की सांगानेर सीट 48,081 वोटों के अंतर से जीती है। वह भरतपुर जिले का रहने वाले हैं। वह भाजपा के प्रदेश महामंत्री भी हैं।

राजस्थान में भी दो डिप्टी सीएम 

इसके साथ ही केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह ने दो उपमुख्यमंत्री की भी घोषणा की। बीजेपी ने मध्य प्रदेश के तर्ज पर यहां भी दो मुख्यमंत्री बनाए है। दिया कुमारी (Diya Kumari) और प्रेम चंद बैरवा (Prem Chand Bairwa) राज्य के डिप्टी सीएम होंगे। वासुदेव देवनानी विधानसभा अध्यक्ष होंगे। विधायक दल की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है। केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर बैठक में शामिल होने आए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में उनके नाम की घोषणा की गई। इस मौके पर पूर्व मुख्यंत्री वसुंधरा राजे भी मौजूद रहीं।  

 

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रस्ताव रखा जिसे विधायक दल ने स्वीकार कर लिया। भजनलाल भाजपा के प्रदेश महासचिव हैं। उनके पास राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की डिग्री है।  विधायक दल की बैठक से पहले एक ग्रुप फोटो खींची गई जिसमें वह आखिरी पंक्ति में खड़े थे। 

राजस्थान में बीजेपी ने 115 सीट पर हासिल की जीत 

उल्लेखनीय है कि राजस्थान की 200 सीटों में से 199 सीटों पर हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 115 पर जीत हासिल की है। वहीं, सत्ताधारी कांग्रेस 69 सीटों पर सिमट गई थी। जबकि भारतीय आदिवासी पार्टी के खाते में 3 सीटें तो बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 2 सीटें जीती है।