भयानक गर्मी में लू से बचाने में वरदान है ‘गोंद कतीरा’, महिलाओं के लिए भी है बड़ा लाभकारी, जानिए इसके लाजवाब फायदे

Loading

सीमा कुमारी

नई दिल्ली: गोंद कतीरा, जिसके बारे में शायद बहुत कम ही जानते होंगे लेकिन ये गर्मियों में बड़े काम की चीज है। गर्मी का मौसम और दिन ब दिन बढ़ता तापमान बड़ा परेशानी भरा होता है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती है तन और मन को सिर्फ राहत या सुकून की तलाश होती है। ऐसे में आपको अपने स्वास्थ्य के प्रति अलर्ट रहने की जरूरत होती है।

गोंद कतीरा कैल्शियम, मैग्नीशियम, फॉलिक एसिड और प्रोटीन से भरपूर होता है, जो गर्मी के दिनों में शरीर को ठंडक पहुंचाने का काम करता है। दरअसल इसकी तासीर ठंडी होती है, जो गर्मियों में हीट स्ट्रोक, सनस्ट्रोक को रोकने में काफी मदद करती है। आइए जानें गोंद कतीरा से गर्मियों में होने वाले फायदे।

हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, गोंद कतीरा शरीर की उर्जा बढ़ाती है। इसके सेवन से गर्मी के दिनों में सुस्ती, थकावट और कमजोरी को दूर करता है। जब भी आपको थकावट या कमजोरी महसूस हो आप एक गिलास में एक चम्मच भीगा हुआ गोंद कतीरा, थोड़ा सा गुलाब शरबत, चीनी और दूध डालकर मिला लें। इसे पीने के बाद आपके शरीर को तुरंत उर्जा मिलेगी।

जिन लोगों को खुलकर शौच नहीं आता है, उनके लिए गोंद कतीरा रामबाण नुस्खे से कम नहीं है क्योंकि मल त्याग को नियंत्रित कर सकता है। कब्ज से पीड़ित लोगों को रोजाना गोंद कतीरा का सेवन करना चाहिए क्योंकि इससे उन्हें काफी आराम मिलेगा। आप नींबू के रस या फिर ठंडे पानी में मिलाकर भी गोंद कतीरा का सेवन कर सकते हैं।

महिलाओं में अनियमित पीरियड्स के चलते खून की कमी होना आम है। इसके अलावा डिलीवरी के बाद भी महिलाएं काफी कमजोर हो जाती हैं। गोंद कतीरा शरीर को ताकत देने और पीरियड्स के दौरान रक्त प्रवाह को नियंत्रित करने में मदद करता है। इसलिए इसका सेवन जरुर करें।

गर्मी में लू लगने का खतरा सबसे ज्यादा होता है। आजकल तो घर से निकलना नहीं हो रहा है लेकिन जो लोग अभी भी काम के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं उन्हें ये समस्या हो सकती है। शरीर पर गर्मी के असर को कम करने के लिए आप गोंद कतीरा खा सकते हैं, जो शरीर की गर्मी को दूर करने में मदद करती है।

गर्मी के कारण अगर मुंह में छाले हो जाएं, तो गोंद कतीरा सबसे अच्छा घरेलू नुस्खा है। इसके ठंडक देने वाले गुण छाले की सूजन और दर्द से राहत दिलाते हैं। गोंद कतीरा का पेस्ट छालों पर कुछ मिनट तक लगाए रखने से दर्द और सूजन में बहुत आराम मिलता है।