Chaitra Navratri 2024, Maa Durga
चैत्र नवरात्रि 2024 (फाइल फोटो)

Loading

सीमा कुमारी

नवभारत लाइफस्टाइल डेस्क: मां दुर्गा को समर्पित ‘चैत्र नवरात्र'(Chaitra Navratri 2024) हिंदुओं का प्रमुख त्योहार है। इस दिन का इंतजार देवी के भक्त बेसब्री के साथ करते हैं। मान्यताओं अनुसार, साधक देवी दुर्गा की पूजा करने के लिए नौ दिनों तक का उपवास रखते हैं। ये नौ दिन मां दुर्गा के अलग-अलग रूपों की पूजा के लिए समर्पित हैं। ऐसा कहा जाता है जो भक्त इस दौरान भावपूर्ण देवी की उपासना करते हैं उन्हें मनचाहा वरदान प्राप्त होता है।

शास्‍त्रों के अनुसार, चैत्र माह में कुछ कार्यों को करने की मनाही है। मान्यता है कि इस माह में वर्जित कार्यों को करने से इंसान को जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में आइए जान लीजिए चैत्र माह में किन कार्यों को करने की मनाही है।

इन बातों का रखना चाहिए ध्यान

ज्योतिष-शास्त्र के अनुसार, चैत्र माह में घर में किसी से लड़ाई-झगड़ा नहीं करना चाहिए। विशेषकर पति और पत्नी को लड़ाई-झगड़ा नहीं करना चाहिए। माना जाता है कि स्त्री मां लक्ष्मी का रूप होती हैं। इसलिए इस माह में इस तरह की गलती भूलकर भी नहीं करनी चाहिए। ऐसा करने से मां लक्ष्मी नाराज हो जाती हैं।

कहते है, इस माह में भूलकर भी तामसिक और मांसाहार भोजन का सेवन भी नहीं करना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि चैत्र माह में इस तरह का भोजन करने से धन की देवी मां लक्ष्मी रुष्ट हो जाती हैं और जीवन में आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

ज्योतिषियों की मानें तो, चैत्र माह में कई व्रत और त्योहार होते हैं जिनमें से नवरात्र मुख्य है। इस व्रत के दौरान और पूरे चैत्र महीने में आपको गुड़ के सेवन से बचना चाहिए। गुड़ की तासीर गर्म होती है और गर्मी बढ़ने के कारण इसका सेवन सेहत को भी नुकसान पहुंचा सकता है और ऐसा करने से माता लक्ष्मी भी नाराज हो जाती हैं।

चैत्र के पूरे महीने में प्याज और लहसुन का सेवन भी नहीं करना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि ये पूरा महीना माता दुर्गा को समर्पित होता है और इस महीने में किसी भी तामसिक भोजन का सेवन नहीं करना चाहिए। मुख्य रूप से प्याज और लहसुन का सेवन भूलकर भी चैत्र के महीने में न करें।

चैत्र माह में बाल नहीं कटवाने चाहिए। मान्यता है कि इस माह में बाल कटवाने से घर की आर्थिक स्थिति बिगड़ सकती है।