File photo
File photo

Loading

सीमा कुमारी

नई दिल्ली: हिन्दू धर्म में ‘बुद्ध पूर्णिमा’ (Buddha Purnima) का विशेष महत्व है। ‘बुद्ध पूर्णिमा’ बौद्ध धर्मावलंबियों के लिए सबसे बड़ा उत्सव होता है। साथ ही यह दिन हिंदू धर्मावलंबियों के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि हिंदू धर्म में महात्मा बुद्ध को भगवान विष्णु का नौवां अवतार माना जाता है। इस दिन भगवान बुद्ध के अलावा भगवान विष्णु और भगवान  चंद्रदेव  की भी पूजा की जाती है। बौद्ध के साथ हिंदू धर्मावलंबी इस दिन को धूमधाम से  मानते हैं।

वैशाख मास में पड़ने वाली पूर्णिमा को बुद्ध पूर्णिमा भी कहते हैं क्योंकि इसी दिन भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था। ऐसे में यह पावन तिथि न सिर्फ हिंदू धर्म बल्कि बौद्ध धर्म से जुड़े लोगों के लिए भी बहुत ज्यादा मायने रखती हैं। इस साल यह पावन तिथि 5 मई शुक्रवार को पड़ रही है। आइए जानें बुद्ध पूर्णिमा के दिन सुख-सौभाग्य दिलाने वाले सरल एवं प्रभावी उपाय के बारे में-

ज्योतिषियों के अनुसार, इस दिन भगवान श्री विष्णु के अवतार माने जाने वाले भगवान बुद्ध की पूजा बहुत फलदायी मानी गई है। ऐसे में इस पावन पर्व पर भगवान बुद्ध की मूर्ति या चित्र की पूरे विधि-विधान से पूजा करें। इस पावन पर्व पर बोधि वृक्ष पर रंगीन पताकाएँ चढ़ाने और वहां पर दीपक या अगरबत्ती जलाने का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है। इसके अलावा, इस दिन जरूरतमंद लोगों को अन्न और धन का दान देना पुण्यदायी माना गया है। बुद्ध पूर्णिमा के दिन बौद्ध धर्म से जुड़े धर्मग्रंथों का विशेष रूप से पाठ करना शुभ माना गया है।

जानकारों की मानें तो, ‘बुद्ध पूर्णिमा’ का पावन पर्व न सिर्फ भारत बल्कि विभिन्न देशों में जहां-जहां पर बौद्ध धर्म से जुड़े अनुयायी हैं, वहां पर बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। हिंदू धर्म की तरह बौद्ध धर्म में भी मंत्र जप का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है। यही कारण है कि, बुद्ध पूर्णिमा के दिन भगवान बुद्ध के मंत्र का जप करना शुभ और पुण्यफल दिलाने वाला माना गया है।

ऐसे में बुद्ध पूर्णिमा वाले दिन पूरी श्रद्धा एवं विश्वास के साथ ‘ॐ मणि पदमे हुं’ मंत्र का जप करें। मान्यता है कि, भगवान बुद्ध के इस मंत्र को जपने से व्यक्ति जीवन से जुड़े सभी दुख और परेशानियों से बचा रहता है। इसके अलावा आप ‘बुद्धं शरणं गच्छामि, धम्मं शरणं गच्छामि, संघं शरणं गच्छामि’ मंत्र का भी जप करके भी भगवान बुद्ध का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं।