dhanteras 2023

    Loading

    सीमा कुमारी

    इस साल ‘धनतेरस’ का त्योहार 2 नवंबर, यानी मंगलवार को मनाया जाएगा। धनतेरस का पर्व हर साल कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को मनाया जाता है। इस दिन को ‘धन त्रयोदशी’ या ‘धनवंतरि जयंती’ भी कहा जाता है। धनतेरस पर मां लक्ष्मी, भगवान धनवन्तरी और धन कुबेर की उपासना करने से घर में धन के भंडार कभी खाली नहीं होते हैं ‘धनतेरस’ दिवाली के दो दिन पहले मनाया जाता है।

    ज्योतिष-शास्त्र के अनुसार, धनतेरस के दिन खरीदारी करना बहुत शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन खरीदारी करने से धन समृद्धि बढ़ती है। इतना ही नहीं धनतेरस पर कुबेर देव की पूजा करने का विशेष विधान भी है। ऐसे में अगर आप पैसों की किल्लत से जूझ रहे हैं, तो मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए धनतेरस के दिन अपने घर इन चीजों में से कोई एक चीज जरूर खरीदकर लाएं। आइए जानें उन चीजों के बारे में –

    मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस के दिन शंख खरीदने को काफी शुभ माना जाता है। इस दिन शंख खरीदकर उसकी पूजा करें। शास्त्रों के मुताबिक, जिस घर में रोजाना पूजा के वक्त शंख बजाया जाता है, उस घर से मां लक्ष्मी कभी नहीं जाती। साथ ही घर के संकट भी दूर हो जाते हैं। इसके अलावा सात मुखी रूद्राक्ष धनतेरस के दिन घर पर लाने से सारे कष्ट दूर होते हैं।  

    धनतेरस के दिन नमक जरूर खरीदें। ऐसा माना जाता है कि इस दिन नमक घर में लाने से धन की बढ़ोतरी होती है और दरिद्रता का नाश होता है। इसके अलावा धनिया भी इस दिन घर में लाना चाहिए। साबुत धनिया लाने का काफी महत्व है। इसे पूजा के बाद अपने घर के आंगन और गमले में डाल देना चाहिए।

    ज्योतिष-शास्त्र  के मुताबिक, इस दिन झाडू खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन झाडू खरीदने से गरीबी दूर होती है। साथ ही नई झाडू से नकारात्मक ऊर्जा दूर जाती है और घर में लक्ष्मी का वास होता है।

    धनतेरस के दिन भगवान गणेश और देवी लक्ष्मी की मूर्ति भी घर में लानी चाहिए। मान्यता है कि इससे घर में पूरे साल धन और अन्न की कमी नहीं होती है। दोनों देवी देवता धन और बुद्धि बढ़ाते हैं।

    अगर सोना और चांदी दोनों ही लेना संभव नहीं है, तो पीतल तीसरी सबसे अच्छी धातु मानी गई है। धनतेरस पर पीतल की वस्तुएं घर में शुभता लेकर आती हैं।

    धनतेरस के दिन धातु की खरीद को काफी अहम माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन धातु को खरीदने से भाग्य अच्छा बनता है। परंपरा है कि धनतेरस के दिन सोना, चांदी जरूर खरीदना चाहिए। इस दिन बजट के मुताबिक सोना, चांदी के सिक्के, गहने, मूर्ति जैसी चीजों की खरीद की जा सकती है।

    दिवाली रोशनी का त्योहार है और दीपक रोशनी का प्रतीक। दीपक के बिना दिवाली अधूरी मानी जाती है। ऐसे में धनतेरस के दिन ढेर सारे छोटे-छोटे दीपक घर पर खरीद लाएं।