rape
Representational Pic

Loading

दमोह (मध्यप्रदेश). मध्य प्रदेश के दमोह जिले के एक गांव में डेढ़ वर्षीय एक बच्ची के साथ कथित रूप से उसके 19 वर्षीय रिश्तेदार द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दमोह जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार सिंह ने बताया कि डेढ़ वर्षीय एक बच्ची के साथ दुराचार करने के मामले में आरोपी दुर्गेश आदिवासी को रविवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि दुर्गेश पीड़ित बच्ची का रिश्तेदार है और वह इस बच्ची के घर पर आया हुआ था। उसके घर आने पर बच्ची की मां शनिवार की रात करीब आठ बजे सब्जी लेने गई हुई थी तथा उसका पिता काम से नहीं लौटा था।

सिंह ने बताया कि इसी बीच मौका पाकर आरोपी ने इस मासूम बच्ची के साथ दुराचार किया और वहां से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि बच्ची की मां जब घर वापस लौटी तो बच्ची की हालत देख जबेरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं एवं पॉक्सो कॉनून के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता को एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक सागर आर एस डेहरिया द्वारा घटनास्थल एवं पुलिस थाना जबेरा का निरीक्षण किया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने सक्रियता से आरोपी की तलाश शुरू की और उसे जबलपुर जिले के कटंगी थानांतर्गत पड़रिया गांव से रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। सिंह ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। (एजेंसी)