Nilesh Rane becomes state secretary of BJP

  • ग्राम पंचायत चुनाव में कोंकण में जीत दिलाने का मिला इनाम

Loading

मुंबई. हाल ही में संपन्न हुए ग्राम पंचायत चुनाव (Gram Panchayat Election) को लेकर कोंकण में भाजपा एवं शिवसेना में कड़ी टक्कर देखने को मिली है। ग्राम पंचायत का चुनाव भले ही पार्टी के चुनाव चिन्ह पर नहीं लड़ा जाता है, लेकिन चुनाव के पैनल में राजनीतिक दलों (Political parties) एवं व्यक्तियों की दखल अवश्य होती है।

कोंकण में पहली बार बड़ी संख्या में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। जिसको लेकर भाजपा ने पूर्व सांसद निलेश राणे (MP Nilesh Rane) को ईनाम के रुप में बड़ी जिम्मेदारी दी है। ग्राम पंचायत चुनाव के बाद बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे (Former Chief Minister Narayan Rane), पूर्व सांसद निलेश राणे, पार्टी महासचिव रविंद्र चव्हाण सहित अन्य नेताओं ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल एवं विधान सभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की।

विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Former Chief Minister Devendra Fadnavis) ने कहा की राज्य में भाजपा-शिवसेना की सरकार रहते हुए भी भाजपा को इतना अधिक प्रतिसाद नहीं मिला था, जितना इस बार के ग्राम पंचायत चुनाव में मिला है। फडणवीस ने इस सफलता का श्रेय पूर्व सांसद निलेश राणे, विधायक नितेश राणे सहित पूरे राणे परिवार को दिया है। 

कोंकण में भाजपा को मिली सफलता के बाद निलेश राणे को एक नई जिम्मेदारी दी गयी है। उन्हें पार्टी का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने पार्टी नेताओं की मौजूदगी में निलेश राणे को नियुक्ति पत्र सौंपा।