26 नई एसी इलेक्ट्रिक बसों को CM ने दिखाई हरी झंडी

Loading

मुंबई. यात्रियों को सुकून देने और शहर में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए उद्देश्य से बेस्ट के बेड़े में शामिल 26 बसों को सड़क पर उतार दिया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर इन्हें रवाना किया। टाटा मोटर्स द्वारा निर्मित ये 26 बसें पर्यावरण और यात्रियों की सुविधा के लिहाज से बनाई गईं हैं।

इस दौरान ठाकरे ने बस का अवलोकन किया और यात्रा भी की. इस अवसर पर महापौर किशोरी पेडणेकर, मुंबई के पालक मंत्री असलम शेख, पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे, सांसद अरविंद सावंत, मुख्य सचिव संजय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विकास खड़गे व बेस्ट के महाप्रबंधक डॉ. सुरेंद्र कुमार बागड़े के अलावा कई अन्य लोग उपस्थित थे।

इस अवसर पर, पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह खुशी की बात है कि इन इलेक्ट्रिक बसों ने आज से मुंबई की सेवा शुरू कर दी है। फिलहाल मुंबई में 46 बसें चल रही हैं और प्रोजेक्ट के तहत कुल 340 बसें उपलब्ध होंगी। यह सुनिश्चित किया जायेगा कि आने वाले समय में शेष बसें बेस्ट के बेड़े में आ जाएँ. पर्यावरण मंत्री ने कहा कि मुंबईकरों की यात्रा सुखद होगी, इस पर भी ध्यान दिया जाएगा।

सीसीटीवी से लैस

ये बसें सुरक्षा और अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों से लैस हैं। इस कैमरे का इस्तेमाल बसों में होने वाली घटनाओं पर नजर रखने के लिए किया जाएगा। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए ये सीसीटीवी कैमरे विशेष रूप से महत्वपूर्ण होंगे। इसके अलावा इन बसों में इलेक्ट्रिक लिफ्ट उपलब्ध कराए गए हैं ताकि विकलांग यात्रियों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो।