मुंबई. वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग की कर (Tax) भरने में हेराफेरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। जीएसटी विभाग ने एक कंपनी पर छापेमारी कर उसके मालिक को गिरफ्तार किया।
पिछले साल नवंबर से अब तक यह तीसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उन पर जीएसटी कानून (GST Law) का पालन नहीं करने का आरोप है.
जाली दस्तावेज से 5 फर्मों का जीएसटी रजिस्ट्रेशन
जीएसटी विभाग ने शुक्रवार को विलेपार्ले (Ville Parle)स्थित 5 फर्म सेवी फेब्रिक शिव टेक्सटाइल, शक्ति टेक्सटाइल, शुभलेन फेब्रिक एवं शुभमंगल टेक्सटाइल के मालिक के ठिकानों पर छापेमारी की। यह फर्म सीएसटी अधिनियम 2017 के तहत पंजीकृत एवं अनुज गुप्ता द्वारा संचालित हैं।
कागजों में हेराफेरी कर 275 करोड़ रुपए की खरीदारी दिखायी
जीएसटी विभाग ने जांच में पाया कि इन 5 फर्मों ने कागजों में हेराफेरी कर 275 करोड़ रुपए की खरीदारी दिखायी। जीएसटी रजिस्ट्रेशन जाली दस्तावेजों का उपयोग करके किए गए थे। जीएसटी विभाग ने इस मामले में 5 फर्मों के मालिक अनुज गुप्ता को गिरफ्तार किया। गुप्ता की कंपनियों के विभिन्न खरीदारों को फर्जी आईटीसी पारित करके फर्जी बिक्री चालान जारी किया गया था। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।