किसानों के आंदोलन के समर्थन में निर्दलीय विधायक ने पशुधन विकास बोर्ड का अध्यक्ष पद छोड़़ा

Loading

चंडीगढ़/भिवानी: किसान आंदोलन (Farmer Protest) के समर्थन में हरियाणा के निर्दलीय विधायक सोमबीर सांगवान (Sombir Sangwan) ने सोमवार को हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। वह सांगवान खाप के प्रधान भी हैं। उन्होंने चरखी दादरी में हुई सांगवान खाप की पंचायत में यह ऐलान किया। सांगवान खाप मंगलवार से दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन में शामिल होगी। वह दादरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को लिखे पत्र में सांगवान ने कहा, ” किसानों के समर्थन में मैंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पूरे देश की तरह, मेरे विधानसभा क्षेत्र दादरी के किसान भी कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। ऐसे हालात में, उनका पूरा समर्थन करना मेरी प्राथमिकता और नैतिक कर्तव्य भी है।”

दादरी में सांगवान खाप की हुई पंचायत में फैसला किया गया कि खाप के लोग एक दिसंबर से किसानों के समर्थन में दिल्ली के लिए कूच करेंगे और उनका नेतृत्व खाप के प्रधान सोमबीर सांगवान करेंगे। इसके बाद उन्होंने हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की घोषणा की और कहा कि उनके लिए किसी भी पद से बड़ा समाज और लोगों का हित है।

गौरतलब है कि सोमवीर सांगवान ने विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बबीता फोगाट को हराया था और मनोहर लाल खट्टर सरकार को समर्थन दे रहे हैं।