PTI Photo
PTI Photo

    Loading

    इरोड/कराईकुड़ी. तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव (Tamil Nadu Assembly Election 2021) को जीतने के लिए बीजेपी (BJP) अपना पूरा जोर लगा रही है। यहां बीजेपी लगातार प्रचार कर रही हैं और अपने मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रहीं हैं। तमिलनाडु में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा (JP Nadda) भी चुनाव प्रचार के लिए आए है। नड्डा ने यहां आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया और तमिलनाडु में राजनीतिक वंशवाद पर जमकर निशाना साधा।

    तमिलनाडु की संस्कृति बहुत समृद्ध

    भाजपा नेता नड्डा ने तमिलनाडु के इरोड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, “तमिल सबसे पुरानी भाषाओं में से एक है। यहां की संस्कृति बहुत समृद्ध है। पीएम ने तमिल को अतर्राष्ट्रीय स्तर पर गर्व की भाषा बनाया। हमारे विरोधी तमिलनाडु को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।”

    वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति

    भाजपा अध्यक्ष ने DMK और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, “DMK और कांग्रेस लोकतंत्र में भरोसा नहीं करते हैं। वे वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति में भरोसा करते हैं। वे भ्रष्टाचार में भरोसा करते हैं। DMK और कांग्रेस 2-जी, 3-जी, 4-जी और जीजा जी के लिए जाने जाते हैं।”

    मोदी के नेतृत्व में तमिलनाडु को मिली ज्यादा निधि

    नड्डा ने कहा, “13वें वित्त आयोग में तमिलनाडु को केवल 94,000 करोड़ रुपये मिले लेकिन जब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 14वां वित्त आयोग आया तो तमिलनाडु को 5,42000 करोड़ रुपये दिए गए। यह 4.5 गुना था। राज्य को देश में सबसे ज्यादा 11 मेडिकल कॉलेज दिए गए।”

    कांग्रेस मानसिक दिवालिया, अवसरवादी पार्टी

    भाजपा नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस मानसिक दिवालिया, अवसरवादी पार्टी बन गई है। केरल में CPM के खिलाफ लड़ रही है और बंगाल में उनसे हाथ मिलाकर BJP के खिलाफ लड़ रही है। केरल में उनका मुस्लिम लीग और असम में बदरुद्दीन के साथ गठबंधन है और वे हमें सांप्रदायिक पार्टी कहते हैं।”

    दलितों, महिलाओं के खिलाफ गंदी भाषा का इस्तेमाल

    भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने तमिलनाडु के कराईकुड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “DMK और कांग्रेस नेताओं का दलितों, महिलाओं और अम्मा के खिलाफ गंदी भाषा का इस्तेमाल बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। वे सत्ता से बाहर हैं और ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। सवाल है कि वे सत्ता में आ गए तो दलितों और महिलाओं के साथ कैसा व्यवहार करेंगे?”

    गौरतलब है कि द्रमुक के राज्यसभा सांसद आर एस भारती ने पिछले साल अनुसूचित जातियों के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और फिर उन्हें जमानत मिल गई।

    वहीं द्रमुक के ए राजा ने हाल ही में मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद चुनाव आयोग ने पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची से उनका नाम हटा दिया और उन पर 48 घंटे के लिए चुनाव प्रचार करने पर रोक लगा दी। हालांकि, राजा ने माफी मांगी, लेकिन दावा किया कि उनके शब्दों को अलग संदर्भ में पेश किया गया और उन्होंने कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की। भाजपा प्रमुख नड्डा ने कहा कि किसी को यह नहीं भूलना चाहिए कि कांग्रेस और द्रमुक दोनों ही भ्रष्टाचार के पर्याय हैं।