Murder
File Photo

    Loading

    पुणे. सख्त लॉकडाउन (Strict lockdown) और बंदोबस्त के दौरान डबल मर्डर (Double Murder) से पुणे (Pune) दहल गया। पुणे जिले से तडीपार किए गए एक गुंडे ने तड़ीपारी आदेश का उल्लंघन कर शहर में प्रवेश किया। इसके बाद बुधवार पेठ में एक सहायक पुलिस फौजदार की तेजधार हथियार से वार कर निर्ममता से हत्या कर दी। इस हत्या के बाद पुणे पुलिस की नींद उड़ गई है। उसी परिसर यानी बुधवार पेठ के रेडलाइट एरिया में वेश्या व्यवसाय करनेवाली एक महिला की भी हत्या कर दी गई। हत्या की ये दोनों घटना कुछ ही घंटों में हुई है। इससे शहर पुलिस दल में हड़कंप मचा हुआ है।

    हत्या की वारदात में मारे गए सहायक पुलिस फौजदार समीर सय्यद (48) है। उनकी हत्या के मामले में पुलिस ने एक तड़ीपार बदमाश प्रवीण महाजन को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रवीण पुणे पुलिस के रिकॉर्ड पर दर्ज शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ बॉडी ऑफेंस के मामले दर्ज हैं। उसकी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों की वजह से उसे पिछले साल पुणे शहर और जिले से एक साल के लिए तड़ीपार कर दिया गया था। हत्या की दूसरी वारदात में वेश्या व्यवसाय करनेवाली रानी (24) की हत्या की गई है। अभी तक उसका पूरा नाम, पता, हत्या की वजह और उसके हत्यारे के बारे में कुछ पता नहीं चल सका है।

    तेजधार हथियार से किया गले पर वार

    पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रवीण महाजन तड़ीपारी के आदेश का उल्लंघन कर शहर में दाखिल हुआ था। इतना ही नहीं वह शहर के मध्यवर्ती इलाके में खुलेआम घूम रहा था। बुधवार पेठ के श्रीकृष्ण टॉकीज के पास आने के बाद उसकी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे सहायक फौजदार समीर सय्यद के साथ बहस हो गई। उसने तेजधार हथियार से सय्यद के गले पर वार किया। उनके धराशायी होकर गिरने से स्थानीय लोगों ने प्रवीण को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। समीर सय्यद खडक पुलिस लाईन में रहते हैं। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। 

    महिला की हत्या

    प्रवीण ने इस हत्या को अंजाम क्यों दिया? उसकी सय्यद के साथ कोई पुरानी दुश्मनी या झगड़ा था क्या? दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ? आदि जानकारी जुटाई जा रही है। अभी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच में जुटे ही थे कि, तड़के 3 बजे के आसपास बुधवार पेठ में ही वेश्या व्यवसाय करने वाली रानी नामक महिला की किसी अज्ञात ने हत्या कर किये जाने की वारदात से खलबली मच गई। पुलिस मौके वारदात पर पहुंची और जांच शुरू की। उसकी हत्या किसने और क्यों की यह पता नहीं चल सका है। दोनों मामलों की जांच फरासखाना पुलिस कर रही है।