10 अक्टूबर : कैलाश सत्यार्थी को शांति के नोबेल की घोषणा, हजारों का बचपन बचाया

Loading

नयी दिल्ली. आज का दिन (Today in History) भारत के लिए बेहद खास है। बचपन बचाओ आंदोलन चलाने वाले कैलाश सत्यार्थी(Kailash satyarthi) को शांति के नोबेल पुरस्कार (Nobel peace prize)देने की घोषणा की गई थी। भले ही उन्होंने पाकिस्तान की मलाला युसूफजई के साथ यह पुरस्कार साझा किया था, लेकिन इससे भारत में बाल अधिकारों के लिए किए गए उनके कामों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली थी।

कैलाश सत्यार्थी का जन्म मध्य प्रदेश के विदिशा में 11 जनवरी 1954 को हुआ। पेशे से इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर रहे कैलाश सत्यार्थी ने 26 वर्ष की उम्र में ही करियर छोड़कर बच्चों के लिए काम करना शुरू किया था उन्होंने चाइल्ड लेबर के खिलाफ अभियान चलाया और हजारों बच्चों की जिंदगियों को बचाया।

वे ग्लोबल मार्च अगेंस्ट चाइल्ड लेबर के अध्यक्ष भी रहे हैं। सत्यार्थी पर चाइल्ड लेबर को छुड़ाने के दौरान कई बार जानलेवा हमले भी हुए हैं। 2011 में दिल्ली की कपड़ा फैक्ट्री पर छापे के दौरान और 2004 में ग्रेट रोमन सर्कस से बाल कलाकारों को छुड़ाने के दौरान उन पर हमले हुए थे।

नोबेल से पहले उन्हें 1994 में जर्मनी का द एयकनर इंटरनेशनल पीस अवॉर्ड, 1995 में अमेरिका का रॉबर्ट एफ कैनेडी ह्यूमन राइट्स अवॉर्ड, 2007 में मेडल ऑफ इटेलियन सीनेट और 2009 में अमेरिका के डिफेंडर्स ऑफ डेमोक्रेसी अवॉर्ड सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड मिल चुके हैं।

 देश दुनिया के इतिहास में 10 अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:- 

1756 : कलकत्ता पर दोबारा कब्जा करने के इरादे से पांच जंगी जहाज, पांच अन्य जहाज, 900 यूरोपीय सैनिक और 1500 भारतीय सिपाही लेकर क्लाइव मद्रास के लिए रवाना हुआ।

1845 : अमेरिका की नौसेना को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए जार्ज बेनक्रोफ्ट ने अन्नापोलिस, मरीलैड में नौसैन्य अकादमी की स्थापना की।

1846 : ब्रिटेन के खगोलविद् विलियम लासेल ने नेपच्यून ग्रह के सबसे बड़े उपग्रह ट्राइटन की खोज की।

1911 : क्रांतिकारियों के एक समूह ने चीन के वूचांग में बगावत का बिगुल फूंक दिया, जिसे चीन की क्रांति की औपचारिक शुरूआत माना जाता है। यह एक ऐसी लोकतांत्रिक बगावत थी, जिसने चिंग साम्राज्य का तख्ता पलट दिया।

1911 पंडित मदन मोहन मालवीय की अध्यक्षता में वाराणसी में पहले अखिल भारतीय हिंदी सम्मेलन का आयोजन किया गया।

1954: भारतीय सिने जगत की सदाबहार अभिनेत्री रेखा का जन्म। रेखा ने दक्षिण भारतीय फिल्मों से शुरूआत करने के बाद हिंदी सिनेमा में अपनी अदाकारी से मील के कई पत्थर स्थापित किए।

1970 : फीजी ने ग्रेट ब्रिटेन से आजादी हासिल की।

1978 : रोहिणी खडिलकर राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप जीतने वाली पहली महिला बनीं।

1980 : उत्तरी अल्जीरिया के शहर अल अस्नाम में दो बार भूकंप के तगड़े झटके महसूस किए गए।

20,000 से ज्यादा लोगों के मारे जाने का अनुमान।

1991 : भारत ने विश्व कैरम चैंपियनशिप में टीम खिताब जीता।

1992 : कलकत्ता :अब कोलकाता: को हावड़ा से जोड़ने के लिए हुगली नदी पर बने विद्यासागर सेतु को खोला गया। केबल से बने देश के इस सबसे बड़े सेतु को निर्माण 13 वर्ष के भीतर तैयार किया गया।

2011: प्रसिद्ध गजल गायक जगजीत सिंह का निधन। सुरों की समझ और अल्फाज की अदायगी के हुनर ने उन्हें दुनियाभर में मकबूलियत दिलाई।