Australia defeated New Zealand in the first T20 match Tim David
टिम डेविड (PIC Credit: X)

Loading

वेलिंगटन (न्यूजीलैंड): टिम डेविड (Tim David) ने मैच की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को यहां पहले टी20 (NZ vs AUS 1st T20) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में छह विकेट से रोमांचक जीत दिलाई।

न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 215 रन बनाए, जिसमें 13 छक्के और 10 चौके शामिल हैं। उसकी तरफ से डेवोन कॉनवे (46 गेंद पर 63 रन, पांच चौके, दो छक्के) और रचिन रविंद्र (35 गेंद पर 68 रन, दो चौके, छह छक्के) ने अर्धशतक जमाए जबकि सलामी बल्लेबाज फिन एलेन ने 17 गेंद पर 32 रन का योगदान दिया।

ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचाने में कप्तान मिशेल मार्श का अहम योगदान रहा जिन्होंने 44 गेंद पर नाबाद 72 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया अपना तीसरा सर्वोच्च लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा। मार्श ने अपनी पारी में दो चौके और सात छक्के लगाए। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। 

मैच के आखिर में डेविड (10 गेंद पर नाबाद 31 रन, दो चौके तीन छक्के) ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 19वें ओवर की अंतिम तीन गेंद पर दो छक्के और एक चौका लगाया। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया को अंतिम ओवर में 19 रन की दरकार थी। न्यूजीलैंड ने अपने अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी को अंतिम ओवर करने की जिम्मेदारी सौंपी। उनकी पहली दो गेंद वाइड चली गई। 

इसके बावजूद ऑस्ट्रेलिया को अंतिम तीन गेंद पर 12 रन की जरूरत थी। डेविड ने चौथी गेंद पर छक्का लगाया और अगली गेंद पर दो रन लिए। इसके बाद उन्होंने विजयी चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 216 रन पर पहुंचाया और उसे तीन मैच की श्रृंखला में 1-0 से आगे कर दिया।  

(एजेंसी)