सूजी बेट्स दुनिया की पहली महिला कप्तान, जिसकी अगुवाई में न्यूजीलैंड टीम ने ODI में खड़ा किया 491 रनों का पहाड़

    Loading

    नई दिल्ली: न्यूजीलैंड (New Zealand) की महानतम खिलाड़ियों में शुमार सूजी बेट्स (Suzie Bates Birthday) का आज यानी 16 सितंबर को जन्मदिन है। उनकी कप्तानी में उनकी टीम ने 2018 में 490 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जो क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ा वनडे स्कोर है और विश्व रिकॉर्ड (Suzie Bates having World Record) भी है। आज तक कोई भी टीम इतना बड़ा स्कोर नहीं बना पाई है। सूजी बेट्स के नाम कई क्रिकेट रिकॉर्ड भी हैं। वह न्यूजीलैंड वूमेन क्रिकेट का सबसे बड़ा नाम भी है। इस साल सूजी अपना 34वां मना रही हैं। 

    भाइयों ने सिखाया क्रिकेट 

    सूजी बेट्स का जन्म न्‍यूजीलैंड में ओटागो राज्‍य के डुनेडिन शहर में 16 सितंबर 1987 को हुआ था। सूजी बेट्स ने क्रिकेट अपने भाइयों से सीखा। उन्होंने पहली बार ऑफिशियल क्रिकेट 15 साल की उम्र में खेला था। 2005 में ऑकलैंड के खिलाफ खेली गई ताबड़तोड़ पारी के बदौलत सूजी बेट्स को पहली बार विश्व क्रिकेट में पहचान मिली। इस मैच में सूजी बेट्स ने ओटागो के लिए ऑकलैंड के खिलाफ खेलते हुए 152 गेंदों में 183 रन बनाए थे। सूजी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह अपने भाई टॉम और हेनरी के साथ घर के पीछे वाले हिस्से में क्रिकेट खेलते देखती थीं।  

    भारत के खिलाफ किया करियर की शुरुआत 

    सूजी बेट्स ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की शुरुआत भारत के खिलाफ खेलते हुए की थी। 4 मार्च 2006 को खेला गया यह वनडे मैच न्यूजीलैंड ने 7 विकेट खोकर अपने कब्जे में ले लिया था। 2007 में सूजी बेट्स टी20 क्रिकेट टीम से जुड़ीं। सूजी ने अपना पहला टी20 मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 10 अगस्त 2007 को खेला था। इस मैच में सूजी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 37 गेंदों में 62 ठोक डाले थे। जिसमें 11 चौके शामिल थे।

    बास्केटबॉल टीम के लिए ओलंपिक भी खेलीं 

    सूजी बेट्स क्रिकेट खेलने से पहले बास्केटबॉल खेला करती थीं। वह अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी भी रह चुकी हैं। सूजी ने न्यूजीलैंड की महिला बास्केटबॉल खिलाड़ी के तौर पर 2008 में चीन के बीजिंग में आयोजित हुए ओलंपिक खेलों में हिस्सा भी ले चुकी हैं। इस दौरान वह टीम की कप्तान भी रही थी। जिसके बाद उन्होंने बास्‍केटबॉल को अलविदा कहकर क्रिकेट में अपना करियर बनाया।

    वनडे में रिकार्ड्स 

    सूजी बेट्स ने अपने क्रिकेट करियर में रिकॉर्ड्स का पहाड़ खड़ा किया है। सूजी ने शानदार प्रदर्शन कर 2013 और 2016 में आईसीसी महिला वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर का खिताब जीता था। सूजी न्यूजीलैंड के लिए वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली महिला खिलाड़ी भी हैं। वनडे में उन्होंने अब तक 115 पारियों में 4392 रन बनाए हैं। जिसमें 10 शतक शामिल है, जिससे वह दुनिया की दूसरी महिला क्रिकेटर है, जिन्होंने 10 शतक लगाए हैं। साथ ही उनके खाते में 25 अर्धशतक भी शामिल है। 

    टी20 की विध्वंसक क्रिकेटर 

    सूजी बेट्स का टी20 क्रिकेट में भी कई रिकॉर्ड है। टी20 क्रिकेट में उन्हें सबसे विध्वंसक महिला क्रिकेटर का टैग मिला है। टी20 क्रिकेट में उन्होंने सर्वाधिक 3100 रन बनाए हैं। टी20 में नॉटआउट उन्होंने 124 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी भी खेली है। टी20 करियर में उन्होंने एक शतक के साथ 21 अर्धशतक भी लगाए हैं।