छत्तीसगढ़ में बदलेगा मुख्यमंत्री! दिल्ली से लौटे टीएस सिंहदेव बोले- जो मैच खेलता है, क्या वह कप्तान बनने के बारे में नहीं सोचता?

    Loading

    रायपुर: छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद को लेकर शुरू चर्चा लगातार बनी हुई है। इसी को लेकर बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाई। इसके बाद अटकलें लगाई जाने लगी कि, क्या राज्य में मुख्यमंत्री बदलने वाला है।  इसी बीच दिल्ली से लौटे राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बड़ी बात कही है। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि, “जो खिलाड़ी मैच खेलता है, क्या वह कप्तान बनने के बारे में नहीं सोचता?” 

    हाईकमान पार्टी में भूमिका तय करता है

    स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “पार्टी ने 2.5 साल के फॉर्मूले पर कभी बात नहीं की। यह सिर्फ एक मीडिया कयास था कि छत्तीसगढ़ में सीएम चुने जाने पर क्या ऐसा कोई फॉर्मूला बनता है। हाईकमान पार्टी में लोगों की भूमिका तय करता है। हम उन जिम्मेदारियों को निभाते हैं।”

    टीएस सिंह देव ने कहा, “अगर कोई व्यक्ति किसी टीम में खेलता है तो क्या वह कप्तान बनने के बारे में नहीं सोचता? क्या आप एक नहीं बनना चाहेंगे? हर कोई उसके बारे में सोचता है लेकिन सवाल उसके विचारों का नहीं, उसकी क्षमताओं का है। हाईकमान ने लिया फैसला।”

    आलाकमान ने जो जिम्मेदारी दी उसे निभाऊंगा

    मुख्यमंत्री बदलने के सवाल पर सिंहदेव ने कहा, “वह (भूपेश बघेल) 50 साल या 10 साल या 2 साल तक सीएम रह सकते हैं। यह तय नहीं है। भाई-बहनों में भी प्रतिद्वंद्विता है। स्वस्थ प्रतियोगिताएं होती हैं। आलाकमान ने जो जिम्मेदारी दी है, मैं उसे निभाऊंगा।”

    गौरतलब है कि, बीते कई दिनों से राज्य में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री को लेकर चर्चा शुरू है। टीएस सिंहदेव और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थक बयान बाजी करते रहते हैं। इसी को लेकर बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाई। जहां दोनों नेताओं ने कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की। हालांकि, दोनों नेताओं ने अलग अलग समय में पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक की थी। 

    बघेल ने दिखाई ताकत 

    दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री बघेल ने अपनी ताकत दिखाई। राजधानी रायपुर के माना स्थित स्वामी विवेकानन्द हवाई अड्डे पर पहुंचने से पहले की बड़ी संख्या में उनके समर्थक वहां जमा थे। मुख्यमंत्री के एयरपोर्ट से बाहर आते ही उनका जोरदार स्वागत किया गया। समर्थकों ने उन्हें माला पहनाकर उनका स्वागत किया। 

    वहीं इस दौरान उन्होंने कहा कि, “मैंने पहले भी कहा था कि उनका(सोनिया गांधी और राहुल गांधी) जब तक आदेश है मैं इस(मुख्यमंत्री) पद पर हूं। जब वो कहेंगे इस पद का त्याग कर दूंगा। जो ढाई साल-ढाई साल का राग अलाप रहे हैं वो राजनीतिक अस्थिरता लाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन वो कभी सफल नहीं होंगे।”