CM Mohan Yadav meet the people injured in the accident during Bhasma Aarti at Mahakal Temple, Madhya Pradesh
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव

Loading

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन के महाकाल मंदिर के गर्भ गृह में भस्म आरती के दौरान आज होली पर सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह-सुबह भस्म आरती के दौरान आग की चपेट में आने से पांच पुजारी समेत 14 लोग झुलस गए। गुलाल उड़ाते समय आग की लपटें तेज हो गई और वहां मौजूद पुजारी इसकी चपेट में आ गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों का हाल जानने सीएम मोहन यादव अस्पताल पहुंचे। वहीं इस हादसे पर गृह मंत्री अमित शाह ने भी दुख जताया है।

उज्जैन महाकाल मंदिर में आग की घटना पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ईश्वर की कृपा से कोई बड़ी त्रासदी नहीं घटी। एक तरह से यह एक अलार्मिंग कॉल है, हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। मैं उज्जैन और इंदौर दोनों स्थानों पर घायलों से मिला हूं। मैंने जांच के आदेश दे दिए हैं। घायलों का उचित इलाज किया जाएगा और हमने प्रशासन से कहा है कि इन सभी को कम से कम 1-1 लाख रुपए देकर मदद की जाए। हम यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

अमित शाह ने जताया दुख

हादसे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, उज्जैन के श्री महाकाल मंदिर में आग लगने की घटना के संबंध में मुख्यमंत्री मोहन यादव जी से बात कर जानकारी ली। स्थानीय प्रशासन घायलों को सहायता व उपचार उपलब्ध करवा रहा है। मैं बाबा महाकाल से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।