Bhiwandi
PTI Photo

Loading

ठाणे: महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी शहर में ढही दो मंजिला इमारत के  गिरने से मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर छह हो गई। अब तक १० लोगों को रेस्क्यू किया गया है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF)  ने यह जानकारी दी है। 

एनडीआरएफ कमांडर दीपक तिवारी ने कहा भिवंडी में कैनाइन दस्ते ने बचाव अभियान चलाया। अब तक कुल दस लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इनमें एक बच्ची भी थी जिसे डॉग स्क्वायड ने रेस्क्यू किया था।

महाराष्ट्र के ठाणे में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के अनुसार, बचाव अभियान अभी भी जारी है। मौत का आंकड़ा बढ़कर 6 हो गया है। एनडीआरएफ की चार टीमें तीन मुंबई से और एक पुणे मुख्यालय से घटना स्थल पर काम कर रही हैं। आगे बचाव अभियान जारी है।

नारपोली थाने के वरिष्ठ निरीक्षक मदन बल्लाल ने बताया कि सुनील पीसा (38) नाम के एक व्यक्ति को रविवार सुबह करीब आठ बजे मलबे से निकाला गया और उसे भिवंडी के इंदिरा गांधी अस्पताल (आईजीएम) अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही इस घटना में घायल होने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। 

 महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस घटना को ‘‘अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण” बताया और शनिवार देर रात भिवंडी के आईजीए) अस्पताल में भर्ती घायलों से मिलने के बाद दुर्घटनास्थल का दौरा किया। भिवंडी के पुलिस उपायुक्त नवनाथ धावले ने बताया कि इमारत के मालिक इंद्रपाल पाटिल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। 

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में शनिवार दोपहर तीन मंजिला इमारत ढह गई, जिसके मलबे में कई लोग फंस गए थे। इससे पहले, 20 घंटे से अधिक समय तक ढही हुई इमारत के नीचे फंसे रहने के बाद एनडीआरएफ और टीडीआरएफ द्वारा एक व्यक्ति को बचाया गया था। ठाणे नगर निगम के एक अधिकारी ने कहा, “महाराष्ट्र के ठाणे में भिवंडी इमारत ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। बचाव कार्य जारी है।”

पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार रात इंदिरा गांधी अस्पताल का दौरा किया और घायलों से मुलाकात की। सीएम शिंदे ने कहा कि बचाव अभियान जारी है और 12 लोगों को बचा लिया गया है।

उन्होंने हादसे में बाल-बाल बचे दो बच्चों के बारे में भी पूछताछ की। सीएम ने सरकारी खर्च पर घायलों का इलाज कराने के भी निर्देश दिए हैं। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इससे पहले शनिवार को उन्होंने भिवंडी इमारत ढहने के हादसे में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी।