Eknath Shinde, Ganpat Gaikwad, Sambhuraj Desai

Loading

मुंबई. भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ (Ganpat Gaikwad) द्वारा शिवसेना शिंदे गुट के नेता महेश गायकवाड़ (Mahesh Gaikwad) पर गोलीबारी के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति (Maharashtra Politics) गरमाई हुई है। विपक्ष ने इस घटना को शिंदे गुट और भाजपा के बीच का गैंगवार करार दिया। वहीं, गणपत गायकवाड़ ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) पर अपराधीकरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनके एकनाथ शिंदे पर करोड़ों रुपये बकाया है। इस पर अब शिवसेना ने गायकवाड़ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

शिंदे के खिलाफ आरोप निराधार

शिवसेना के मंत्री शंभूराज देसाई ने अपनी पार्टी के अन्य मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ फडणवीस से मुलाकात की और ठाणे फायरिंग का मुद्दा उठाया। साथ ही गायकवाड़ के सीएम पर लगाए आरोपों पर भी बातचीत की। देसाई ने कहा, “हमने कैबिनेट बैठक से पहले उनसे मुलाकात की और उनसे मुख्यमंत्री शिंदे के खिलाफ निराधार, गलत और निरर्थक आरोप लगाने पर गणपत गायकवाड़ के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने शिंदे पर व्यक्तिगत आरोप लगाए हैं। इसलिए हमने फडणवीस से मुलाकात कर गायकवाड़ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।” 

गायकवाड़ डेढ़ साल से चुप क्यों

देसाई ने कहा, “शिंदे सरकार में गृह विभाग संभालने वाले फडणवीस निश्चित रूप से हमारी मांग पर संज्ञान लेंगे।” देसाई ने कहा, “गणपत गायकवाड़ ने पिछले डेढ़ साल में मुख्यमंत्री शिंदे के साथ अपने कथित मुद्दों के बारे में उन्हें कभी अवगत नहीं कराया। उन्होंने पहली बार मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया है।”

14 फरवरी तक पुलिस हिरासत में गणपत गायकवाड़

गौरतलब है कि कल्याण (पूर्वी) से विधायक गणपत गायकवाड़ ने दो फरवरी को पड़ोसी ठाणे जिले के उल्हासनगर में हिल लाइन थाने में स्थानीय शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ और एक अन्य व्यक्ति पर गोली चला दी थी। उन्हें हत्या के प्रयास और अन्य आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने उन्हें 14 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

गणपत गायकवाड़ ने शिंदे पर क्या आरोप लगाए

गिरफ्तारी से पहले गणपत गायकवाड़ ने एक टेलीविजन चैनल से कहा था कि मुख्यमंत्री शिंदे राजनीति में अपराधीकरण को बढ़ावा दे रहे हैं।अपराधीकरण को बढ़ावा देने वाले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को पद पर बने रहने का कतई अधिकार नहीं है। उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए ।उद्धव ठाकरे को धोखा देने के बाद एकनाथ शिंदे ने भाजपा से गठबंधन कर लिया। अब वे कुछ दिनों में भाजपा के साथ भी वैसा ही विश्वासघात करेंगे।

महाराष्ट्र के भले के लिए शिंदे से इस्तीफा ले

गायकवाड़ ने कहा कि सीएम शिंदे का रवैया यह है कि जितना मिलता है उतना खा लेते हैं और फिर इसके विपरीत करते हैं। एकनाथ शिंदे पर मेरे करोड़ों रुपये बकाया है। उन्हें एक बार इसकी घोषणा करनी चाहिए। गायकवाड़ ने कहा कि अगर राज्य को अपराधियों से बचाना चाहते हैं और महाराष्ट्र का भला करना चाहते हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से इस्तीफा लेना चाहिए।

मेरी आपराधिक छवि के लिए मुख्यमंत्री शिंदे जिम्मेदार

गायकवाड़ ने आगे कहा कि गोलीबारी के कारण जनता के सामने मेरी अपराधी की छवि के लिए मुख्यमंत्री शिंदे जिम्मेदार हैं। अगर मेरे सामने मेरे बेटे को मारा जा रहा है तो उसे देखते हुए एक पिता के रूप में जीने का क्या मतलब है। मुझे अपने द्वारा की गई गोलीबारी पर बिल्कुल भी पछतावा नहीं है। मैंने आत्मरक्षा में गोली चलाई है।