11-police-officials-suspended-over-ink-thrown-on-bjp-chandrakant-patil

    Loading

    पिंपरी: महापुरुषों के आपत्तिजनक बयान देने के बाद विवादों में घिरे राज्य के उच्च तकनीकी शिक्षा मंत्री और पुणे जिले के पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल (Chandrakant Patil) पर स्याही फेंकने का मामले से सियासी माहौल गरमा गया है। इस हमले के बाद पिंपरी-चिंचवड पुलिस (Pimpri-Chinchwad Police) बल के तीन पुलिस अधिकारियों समेत 10 पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया गया। इसके बार शाम को तीन पुलिस अधिकारियों का आंतरिक तबादले (Transfer) किए गए हैं। पिंपरी-चिंचवड के पुलिस कमिश्नर अंकुश शिंदे की इस कार्रवाई से पूरे महकमे में खलबली मची हुई हैं।

    श्रीमन महासाधु मोरया गोसावी संजीवन समाधि महोत्सव के उद्घाटन के लिए पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल चिंचवड गांव आए थे। इस दौरान सबके सामने पाटिल पर स्याही फेंकने की घटना हुई। पुलिस और सुरक्षा बलों ने इस मामले में समता सैनिक दल के मनोज भास्कर घरबड़े (34), धनंजय भाऊसाहेब गजबज (29) और वंचित बहुजन आघाडी के विजय धर्मा ओव्हाल (40) को गिरफ्तार किया है। पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल ने इस हमले को पूर्वनियोजित साजिश करार देकर उसमें राजनीतिक संगठन और पत्रकारों के शामिल रहने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले की तह तक जाने की मांग के लिए उन्होंने पिंपरी-चिंचवड पुलिस के खिलाफ अनशन पर बैठने की चेतावनी भी दी है। 

    आनन-फानन में शुरु हुई कार्रवाई

    इसके बाद आनन-फानन में पिंपरी-चिंचवड के पुलिस कमिश्नर अंकुश शिंदे ने सुरक्षा बंदोबस्त में तैनात एक पुलिस निरीक्षक, दो उपनिरीक्षक और 7 कर्मचारियों को तत्काल सस्पेंड कर दिया है। उसमें क्राइम ब्रांच यूनिट-2 के पुलिस निरीक्षक सतीश नांदुरकर, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह सिसोड़े, चिंचवड़ थाने के उपनिरीक्षक गणेश माने, एएसआई भाऊसाहेब सरोदे, क्राइम ब्रांच के एएसआई दीपक खरात, हवलदार प्रमोद वेताल, देवा राउत, सागर अवसरे, चिंचवड थाने की महिला पुलिस कांचन घवले, प्रियंका गुजर का समावेश है। इसके तुरंत बाद पिंपरी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शंकर अवताडे को विशेष शाखा एक में तबादला किया गया। उनका प्रभार उसी थाने की पुलिस निरीक्षक रुपाली बोबडे को दिया गया है। क्राइम ब्रांच युनिट-चार के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मच्छिन्द्र पंडित को चिंचवड थाने में तबादला किया गया। वहीं चिंचवड थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कृष्णदेव खराडे को पिंपरी ट्रैफिक विभाग से संलग्न किया गया।

    चंद्रकांत पाटिल की सुरक्षा बढ़ी

    उधर, उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल पर पिंपरी-चिंचवड में हुए स्याही फेंकने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मंत्री चंद्रकांत पाटिल जहां भी जा रहे हैं, वहां स्थानीय पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच के पांच पुलिस अधिकारियों को तैनात किया जा रहा है। राज्य पुलिस के साथ चंद्रकांत पाटिल को केंद्रीय सुरक्षा बल सीआईएसएफ की सुरक्षा भी दी गई है। इसे बढ़ाने की भी योजना हैं।