Jarange Patil
मनोज जरांगे पाटिल

Loading

  • मराठा आरक्षण को लेकर आंदोलन
  • महायुति सरकार की मुश्किलें बढ़ी

नवभारत न्यूज़ नेटवर्क
जालना/मुंबई: मराठा आरक्षण की (Maratha reservation) मांग को लेकर मनोज जरांगे पाटिल (Jarange Patil) शनिवार को अपने गांव अंतरवाली सराटी से मुंबई (Mumbai) के लिए कूच (March) करेंगे। उन्होंने 26 जनवरी (January) को मुंबई पहुंच कर आमरण अनशन (Fast unto death) शुरू करने का ऐलान किया है। इस वजह से महायुति सरकार की मुश्किलें बढ़ गई है। मराठा नेता ने कहा है कि वे 3 करोड़ लोग और 20 लाख गाड़ियों के साथ मुंबई पहुंचेंगे। उनके इस अल्टीमेटम से राज्य सरकार के पसीने छूट रहे हैं। जरांगे, मराठा समाज के सभी लोगों को आरक्षण देने की मांग कर रहे है। 

अत्याधुनिक वैनिटी वैन की व्यवस्था
बीड में मराठा समन्वयक गंगाधर कलकुंटे और उनके सहयोगियों ने जरांगे पाटिल की यात्रा को सुखद और आरामदायक बनाने के लिए एक वैनिटी वैन उपलब्ध कराई है। इस वैन में अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी और एक मेडिकल टीम भी होगी। इस वैन में एसी, टीवी, फ्रिज, माइक्रोवेव बाथरूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जरांगे पाटिल के साथ जाने वाली वैन का इस्तेमाल अब तक राजनेता और मशहूर हस्तियां करते रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि पाटिल ने छह करोड़ मराठों के लिए अपनी जान जोखिम में डाली है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा की चिंता करते हुए हमने उन्हें यह वैन दी है और उनसे इसे स्वीकार करने का अनुरोध किया है। 

पुलिस ने तैयारी शुरू की
जरांगे पाटिल के मुंबई कूच कार्यक्रम को देखते हुए महाराष्ट्र पुलिस अलर्ट मोड पर है। कई जगहों पर नाकेबंदी शुरू कर दी गई है। पुलिस इस पदयात्रा से जुडी हर गतिविधियों पर नज़र बनाए हुए। वहीं मुंबई पुलिस ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। यदि भारी संख्या में मराठा मुंबई पहुंचते हैं तो शहर में कानून-व्यवस्था की विकट स्थिति खड़ी हो सकती है। 

मनाने की कोशिश जारी
सूत्रों के मुताबिक जरांगे पाटिल को मनाने के लिए सरकार की तरफ से कोशिश जारी है। प्रहार के बच्चू कडू समेत अन्य नेता सम्पर्क बनाये हुए हैं। लेकिन मराठा नेता मुंबई जाने की जिद्द पर अड़े हुए हैं। ऐसी रिपोर्ट है कि शनिवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देश पर इस कूच को टालने की कोशिश होगी।