प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर

Loading

मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra) में पिछले महीने से लगातार बेमौसम बारिश (Weather Alert) हो रही हैं। बेमौसम बारिश के कारण किसानों का काफी नुकसान हो रहा है। इस बीच अब मौसम विभाग ने एक बार फिर राज्य में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में अगले 4 से 5 दिनों के लिए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया गया है, इस दौरान आंधी और तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश होगी।

मौसम विभाग द्वारा दिए गए पूर्वानुमान के मुताबिक, विदर्भ में इस बार सबसे ज्यादा बारिश होगी। जबकि कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, मराठवाड़ा में अलग-अलग स्थानों पर हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहेगी। इस समय मौसम विभाग ने गरज और बिजली चमकने के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने आज पुणे और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। 

महाराष्ट्र में 3 दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज भी विदर्भ में भारी बारिश होने की संभावना है। विदर्भ के साथ मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग स्थानों पर बारिश की उम्मीद है। अधिक जानकारी के अनुसार मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अगले 2 दिनों के लिए और विदर्भ में अगले 3 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 

किन जिलों के लिए बारिश की चेतावनी?

मराठवाड़ा में छत्रपति संभाजीनगर, जालना, उस्मानाबाद, बीड, नांदेड़ और हिंगोली जिलों में तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश की चेतावनी दी गई है। जलगांव में भारी बारिश हुई है और अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव, नासिक, नंदुरबार, अहमदनगर और धुले जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है और अगले 24 घंटे इन जिलों के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे।

आखिर क्यों हो रही है बेमौसम बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार, समुद्र तल से 900 मीटर की ऊंचाई पर मालदीव द्वीप समूह के पास दक्षिण अरब सागर में एक चक्रवाती हवा की स्थिति बनी है। इसका परिणाम पूरे देश में देखने को मिल रहा है। इससे महाराष्ट्र के विदर्भ से लेकर तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु तक एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसलिए, मई के महीने में भी राज्य में बेमौसम बारिश हो रही है।