मुंबई एयरपोर्ट पर रिक्वेस्ट के बाद भी बुजुर्ग को नहीं मिली व्हीलचेयर, पैदल चलने के दौरान मौत

Loading

मुंबई: मुंबई हवाई अड्डे (Mumbai Airport) पर एयर इंडिया (Air India) के 80 वर्षीय यात्री ने व्हीलचेयर (Wheelchair) के लिए अनुरोध किया लेकिन व्हीलचेयर की भारी मांग के कारण इंतजार करने के लिए कहे जाने पर व्यक्ति ने पैदल ही चलने का फैसला किया। हालांकि आव्रजन प्रक्रिया के दौरान गिरने से उसकी मौत हो गई। यह घटना 12 फरवरी को न्यूयॉर्क से एयर इंडिया की उड़ान से यात्री के उतरने के बाद हवाई अड्डे पर हुई। 

 एयरलाइन के प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा कि यात्री की उम्र 80 वर्ष से अधिक थी। एअर इंडिया ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि व्हीलचेयर की भारी मांग के कारण उसने यात्री से एयरलाइन स्टाफ-सहायता वाली व्हीलचेयर की प्रतीक्षा करने का अनुरोध किया था लेकिन व्यक्ति ने व्हीलचेयर पर बैठीं अपनी पत्नी के साथ पैदल चलने का विकल्प चुना।

 

एयरलाइन ने कहा, ‘‘एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 12 फरवरी को न्यूयॉर्क से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले हमारे यात्रियों में से एक अपनी पत्नी के साथ आव्रजन प्रक्रिया पूरी करने के दौरान बीमार पड़ गए। उनकी पत्नी व्हीलचेयर पर थीं।” 

एयरलाइन ने कहा कि बीमार पड़ने के बाद व्यक्ति का उपचार कर रहे हवाई अड्डे के चिकित्सक की सलाह के अनुसार यात्री को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एयर इंडिया के अनुसार वह शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में है और आवश्यक सहायता प्रदान कर रही है। 

एयरलाइन ने कहा कि व्हीलचेयर की पूर्व-बुकिंग करने वाले सभी यात्रियों को व्हीलचेयर सहायता प्रदान करने के बारे में उसकी स्पष्ट निर्धारित नीति है। घटना पर मुंबई हवाई अड्डे के संचालक एमआईएएल की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है।  (एजेंसी)