Airoli-Katai Elevated Road

Loading

मुंबई: इस वर्ष के अंत तक एमएमआर (MMR) को कई इंफ़्रा प्रोजेक्ट (Infra Project) की सौगात मिलने वाली है। इनमें से एक ऐरोली-काटई एलिवेटेड मार्ग (Airoli-Katai Elevated Road) का निर्माण लगभग 75 प्रतिशत पूरा हो गया है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी काटई नाका पहाड़ी के पास ऐरोली (Airoli) की तरफ एक दीवार बनाने की योजना बना रहा है। यहां पहाड़ी से मानसून के दौरान होने वाले भूस्खलन (Landslide) से क्षति को रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। 

बताया गया कि निर्माणाधीन ऐरोली-कटाई एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट के करीब यह दीवार बनेगी। दीवार को पूरा होने में नौ महीने लगेंगे और लगभग 73 करोड़ रुपए खर्च होंगे। दीवार आरसीसी या सीमेंट कंक्रीट से बनेगी। यहां बरसात में मिट्टी खिसकने की संभावना बनी रहती है। एमएमआरडीए द्वारा ऐरोली-काटई नाका के बीच बनाए जा रहे अत्याधुनिक टनेल सहित एलिवेटेड रोड का काम तेजी से हो रहा है। 

आईआईटी बॉम्बे से परामर्श

एमएमआरडीए अधिकारियों के अनुसार, ऐरोली में दीवार के निर्माण के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी बॉम्बे) के विशेषज्ञों से सलाह ली जाएगी। इस परियोजना से पहले एमएमआरडीए ने कांदिवली में बाणडोंगरी पहाड़ी के पास एक दीवार भी बनाई थी। यह दीवार 2020 में क्षेत्र में भूस्खलन के बाद बनाई गई थी। ऐरोली में इसी तरह की स्थिति से निपटने के लिए एमएमआरडीए ने यह कदम उठाया है। 

परियोजना को तीन भागों में बांटा गया

ऐरोली-कटाई नाका परियोजना को तीन भागों में बांटा गया है।   भाग-1 के तहत सड़क ठाणे बेलापुर रोड से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 4 तक है। इसकी लंबाई 3.4 किमी है। जुड़वा टनल में 4 लेन है। बाकी रोड और एलिवेटेड रोड है। सुरंगों का टनलिंग कार्य न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड नियंत्रित ब्लास्टिंग तकनीक द्वारा किया जा रहा है। बाईं तरफ टनलिंग का काम हो चुका है।  परियोजना को दिसंबर 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य है।   इसके पूरा होने पर ऐरोली से मुम्ब्रा शीलफाटा रोड होते हुए कल्याण, बदलापुर और अन्य स्थानों की यात्रा करने वाले लोगों को आसानी होगी।   

10 मिनट में काटई नाका से ऐरोली 

स्थानीय सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे की पहल पर इस परियोजना की रुपरेखा कई वर्ष पहले बनी थी। इसके पूरा होने पर शिलफ़ाटा रोड पर भारी यातायात कम हो जाएगा और काटई नाका से ऐरोली मात्र 10 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। नवी मुंबई से होकर मुंबई की तरफ जाने वाले वाहनों को भी इसका लाभ मिलेगा। ट्रैफिक जाम से राहत के साथ कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।